RTE प्रवेश पर सस्पेंस: लकी ड्रॉ हुआ पर वेबसाइट खाली! आखिर कब पता चलेगा बच्चे का नाम?

RTE Admission Maharashtra: आरटीई प्रवेश का लकी ड्रॉ संपन्न, लेकिन वेबसाइट पर जानकारी न होने से अभिभावक परेशान। जानें कब आएगा आपके मोबाइल पर चयन का मैसेज और क्या है प्रवेश की अंतिम तिथि।
RTE 25% admission lucky draw completed on April 6. Parents outraged over website delay. Selection messages to be sent from April 10. Check the full schedule here.
आरटीई के तहत प्रवेश (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

RTE Selection List PDF: आरटीई के तहत 25 प्रतिशत प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद बच्चों को अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में दाखिला दिया जाता है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा की मुख्य धारा से वंचित न रहे। इसी प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण, लकी ड्रॉ सोमवार 6 अप्रैल को पूरा किया गया।

हालांकि, 7 अप्रैल को दोपहर 4.30 बजे तक भी आरटीई (RTE) की आधिकारिक वेबसाइट पर यह जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई कि किन बच्चों का चयन हुआ है। इससे अभिभावकों को यह जानने में परेशानी हो रही है कि उनके बच्चे का चयन हुआ है या नहीं, जिससे उनमें नाराजगी देखी जा रही है।

लकी ड्रॉ की प्रक्रिया हुई पूरी

शिक्षा विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि लकी ड्रॉ की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और 10 अप्रैल से अभिभावकों को चयन संबंधी संदेश (मैसेज) भेजे जाएंगे। इस वर्ष शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आरटीई (RTE) प्रवेश प्रक्रिया के दौरान शुरुआत में 1 किलोमीटर की दूरी सीमा तय की गई थी, जिसे बाद में न्यायालय के निर्देश के अनुसार संशोधित किया गया। जिले में इस बार 113 स्कूलों ने आरटीई (RTE) के तहत पंजीकरण किया है, जिनमें 1,390 विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए कुल 3,984 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि कई बार बढ़ाए जाने के कारण इस बार बड़ी संख्या में आवेदन सामने आए। अभिभावक लकी ड्रॉ की तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।

  • 113 स्कूलों में RTE के तहत पंजीयन
  • 1,390 विद्यार्थियों को मिलेगा प्रवेश
  • 3,984 ऑनलाइन आवेदन हुए प्राप्त

10 से 20 अप्रैल के बीच होगी ऑनलाइन लिंक उपलब्ध

6 अप्रैल को ड्रॉ किए जाने की जानकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने दी है, लेकिन आधिकारिक वेबसाइट पर चयन सूची प्रकाशित न होने से अभिभावकों को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, पुणे स्थित शिक्षा संचालक (प्राथमिक) शरद गोसावी ने 6 अप्रैल को जारी एक पत्र में निर्देश दिया है कि 10 अप्रैल को चयन सूची घोषित की जाए। 10 से 20 अप्रैल के बीच अभिभावकों को संबंधित स्कूलों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com