RTE Admission 2026: गोंदिया में सीटों के मुकाबले तीन गुना आवेदन, जानें क्या होगा आपके बच्चे का भविष्य

Gondia RTE Admission: गोंदिया में RTE प्रवेश के लिए 6 अप्रैल को लॉटरी निकाली जाएगी। जिले में 1,069 सीटों के लिए 3,475 आवेदन आए हैं। लेकिन कर्मचारियों की हड़ताल से प्रक्रिया अटक सकती है।
Gondia RTE Admission Lottery 2026
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Gondia RTE Admission Lottery 2026: महाराष्ट्र में शिक्षा के अधिकार कानून के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों में निःशुल्क प्रवेश दिया जाता है। इसके लिए पालक बड़ी संख्या में ऑनलाइन आवेदन करते हैं। इस वर्ष 31 मार्च तक आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और सोमवार, 6 अप्रैल को राज्य स्तर पर लॉटरी के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

गोंदिया में 1069 सीटों के लिए 3,475 आवेदन

गोंदिया जिले में इस वर्ष 126 स्कूलों में उपलब्ध 1069 सीटों के लिए 3,475 आवेदन प्राप्त हुए हैं। ऐसे में सोमवार, 6 अप्रैल से संविदा कर्मचारियों द्वारा पुनः आंदोलन शुरू करने की जानकारी के बाद प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि, आरटीई प्रवेश (RTE Admission)के लिए प्रवेश प्रक्रिया 17 फरवरी से शुरू की गई थी। लेकिन निर्धारित समय में अपेक्षा के अनुसार आवेदन प्राप्त नहीं होने के कारण शिक्षा विभाग की ओर से इसके लिए बार-बार अवधि बढ़ाई गई। अंततः 31 मार्च को आवेदन की प्रक्रिया को पूर्ण विराम दिया गया।

तहसीलवार आवेदनों की स्थिति

तहसील सीटें आवेदन
अर्जुनी मोरगांव 78 174
आमगांव 130 442
देवरी 49 113
गोंदिया 429 1573
गोरेगांव 90 341
सालेकसा 51 117
सड़क अर्जुनी 58 196
तिरोड़ा 184 519

हड़ताल से प्रभावित हुआ था कामकाज

समग्र शिक्षा अभियान में कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने उन्हें शासकीय सेवा में समाविष्ट किए जाने की मांग को लेकर विगत 9 मार्च से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू कर दिया था, जिसमें जिले के 84 कर्मचारी भी शामिल हुए थे। जिसके चलते जिले में समग्र शिक्षा विभाग का कामकाज प्रभावित हुआ था। ऐसे में 31 मार्च इन कर्मचारियों का अंतिम कार्य दिवस होने के कारण 30 मार्च को सभी कर्मचारी अपने काम पर लौटे व उन्होंने अपना कामकाज पूरा किया और सोमवार, 6 अप्रैल से फिर से आंदोलन शुरू होने की जानकारी मिली है। ऐसे में आरटीई के तहत 6 अप्रैल को विद्यार्थियों के प्रवेश का ड्रा निकलने के बावजूद प्रवेश में बाधा निर्माण होने की आशंका जताई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com