वर्धा नगर पालिका में हड़कंप, 9 लाख का बिल पास कराने के बदले रिश्वत! ACB की कार्रवाई में नगर अभियंता गिरफ्तार

Wardha Municipal Council: वर्धा नगर पालिका के नगर अभियंता को 9 लाख रुपये का बिल पास कराने के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में एसीबी ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। मामले की जांच जारी है।
Uproar at Wardha Municipality: Bribe Demanded to Clear ₹9 Lakh Bill! Municipal Engineer Arrested in ACB Operation
वर्धा नगर पालिका, एसीबी कार्रवाई, रिश्वतखोरी, नगर अभियंता गिरफ्तार,(सोर्स: नवभारत फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Wardha Bribery Case News: वर्धा नगर पालिका के नगर अभियंता को एक ठेकेदार से बिल पास कराने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) नागपुर की टीम ने मंगलवार शाम रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से नगर पालिका परिसर में हड़कंप मच गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप डोईजड (38) के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने एक ठेकेदार के करीब 9 लाख रुपये के बिल का भुगतान जारी करने के बदले 2.50 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय शिकायतकर्ता ठेकेदार ने दो दिन पूर्व नागपुर एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि नगर अभियंता संदीप डोईजड पिछले दो वर्षों से उनके विभिन्न कार्यों के लंबित बिलों के भुगतान को लेकर उन्हें परेशान कर रहे थे। नौ लाख रुपये का बिल जारी करने के लिए उन्होंने ढाई लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी।

एसीबी के जाल में फंसा रिश्वतखोर अधिकारी

एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद मंगलवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की गई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता नगर अभियंता के कार्यालय पहुंचे। उस समय एसीबी की टीम सादे वेश में वर्धा नगर पालिका परिसर में मौजूद थी। कार्रवाई की खबर फैलते ही नगर पालिका प्रशासन में खलबली मच गई। देर शाम तक एसीबी की टीम द्वारा आवश्यक पंचनामा और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही थी। मामले में आगे की जांच जारी है।

बाथरूम में रखवाए गए थे 2 लाख रुपये

बताया जाता है कि नगर अभियंता ने शिकायतकर्ता को दो लाख रुपये नकद अपने कार्यालय से जुड़े बाथरूम में रखने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने निर्देशानुसार राशि बाथरूम में रख दी। इसके बाद आरोपी ने बाथरूम में ताला लगा दिया। इसी दौरान एसीबी की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदीप डोईजड को हिरासत में ले लिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com