वर्धा जिले में नहीं थम रहा आत्महत्याओं का सिलसिला, किसान- युवा और महिलाएं तनाव के आगे हार रहे जिंदगी

Wardha District News: वर्धा जिले में पिछले 25 दिनों में 33 लोगों ने आत्महत्या की है। सावंगी मेघे में छात्र द्वारा उठाए गए कदम से मानसिक स्वास्थ्य, तनाव और संवादहीनता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Wardha District Increasing Suicide Cases
आत्महत्या के मामले सभी के लिए चिंता का विषयप्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
Published on
Updated on

Wardha District Increasing Suicide Cases: वर्धा जिले में पिछले कुछ वर्षों से बढ़ते आत्महत्या के मामले सभी के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। बदलती जीवनशैली, तनाव, बढ़ती प्रतिस्पर्धा समेत कई ऐसी कठिन परिस्थितियां हैं, जिनका सामना करने की क्षमता लोगों में कम होती जा रही है। विभिन्न कारणों से लोग आत्महत्या जैसा कदम उठा रहे हैं।

सोमवार रात सावंगी मेघे के नानाजीनगर में फार्मेसी के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। आए दिन जिले में इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं। सरकार और प्रशासनिक स्तर पर विभिन्न उपाययोजनाएं किए जाने के बावजूद आत्महत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

वर्धा विदर्भ के छह आत्महत्याग्रस्त जिलों में शामिल

वर्धा जिले में पिछले 25 दिनों में करीब 33 लोगों ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त करने की जानकारी सामने आई है। इनमें कुछ महिलाएं भी शामिल हैं। वर्धा विदर्भ के छह आत्महत्याग्रस्त जिलों में शामिल है। किसान आत्महत्याओं पर रोक लगाने के लिए शासन स्तर पर जिले में विभिन्न उपक्रम चलाए गए हैं, लेकिन इनका अपेक्षित असर दिखाई नहीं दे रहा है।

आज भी वर्धा जिले में कर्ज की चिंता और अन्य कारणों से किसान आत्महत्या कर रहे हैं। किसानों के साथ-साथ शिक्षित बेरोजगार और व्यवसायी भी आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं। पारिवारिक समस्याओं और गंभीर बीमारियों से परेशान होकर भी महिला और पुरुष आत्महत्या कर रहे हैं। जिले में आत्महत्याओं पर रोक लगाने के लिए समुपदेशन केंद्र शुरू करने के साथ ही विभिन्न उपक्रम चलाए जा रहे हैं। इसके बावजूद यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।

लोग उदासी और निराशा से प्रभावित

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग उदासी और निराशा से प्रभावित हैं। ऐसे लोगों को मानसिक रूप से स्वस्थ बनाने और समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर देना जरूरी है। विशेष रूप से किशोरों में पढ़ाई के दबाव के कारण आत्महत्या के मामले बढ़ने की चिंता सामने आती रही है।

इस दिशा में अभिभावकों और समाज को नए सिरे से विचार करने की आवश्यकता है। बच्चों को शुरुआत से ही उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर चुनने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ जीवन में आने वाली कठिन परिस्थितियों का सामना करने के लिए भी तैयार करना जरूरी है।

Wardha District Increasing Suicide Cases
वर्धा में गांजा तस्कर गिरफ्तार, आरोपी में नाबालिग भी शामिल, बंद मकान से आभूषण उड़ाए

मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी

मानसोपचार विशेषज्ञों के अनुसार, युवा वर्ग की महत्वाकांक्षाएं कई बार उनकी योग्यता और क्षमता से अधिक हो जाती हैं। परिवार में आपसी संवाद और सामंजस्य की कमी भी एक महत्वपूर्ण कारण बन रही है। तनाव सहने की क्षमता कम होने, असफलता के डर और पारिवारिक समस्याओं के कारण व्यक्ति मानसिक रूप से प्रभावित हो रहा है। ऐसी परिस्थितियां आत्महत्या की प्रवृत्ति को बढ़ा सकती हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com