ध्वनि प्रदूषण का बढ़ा खतरा, लोगों को झेलनी पड़ रही परेशानी
- Written By: नवभारत डेस्क
Representational Pic
देवली (सं). वाहनों के तेज ध्वनि वाले हार्न से लोगों की परेशानी बढ़ रही हैं. प्रेशर हार्न का उपयोग प्रतिबंधित होने के बावजूद शहर की सड़कों पर धड़ल्ले से चौपहिया व दोपहिया चालक इसका उपयोग करते हैं. खरीदी के बाद काफी लोग अपने वाहनों में तेज आवाज करने वाले प्रेशर हार्न लगवा रहे हैं, जिससे ध्वनि प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है. इससे शहर के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है.
शहर में कई ऐसे शासकीय कार्यालयों, चिकित्सालयों, न्यायालय व विद्यालयों के पास साइलेंस जोन घोषित किया गया है. जहां तेज ध्वनि वाले हार्न का प्रयोग नहीं किया जा सकता, किंतु नियम कानून को ताक पर रखकर वाहन चालक प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रेशर हार्न बजाकर शासन को चुनौती दे रहे हैं.
यातायात नियमों की हो रही अनदेखी
यातायात नियमों के तहत प्रावधान की भी अनदेखी की जा रही है. कुछ युवक इन प्रतिबंधित क्षेत्रों के आसपास से प्रेशर हार्न बजाकर तेज गति में निकल जाते हैं. इससे वहां से गुजरने वाले और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी होती हैं. अपने वाहन में लगे प्रेशर हार्न का इतना उपयोग करते है कि जब तक उनके वाहन गुजर नही जाते तब कुछ सुनाई ही नहीं पड़ता.
