Wardha News: देवली-नाचणगांव मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, मामा-भांजे की दर्दनाक मौत

Fattepur Accident: देवली-नाचणगांव मार्ग पर फत्तेपुर के पास मालवाहक वाहन और बाइक की भीषण टक्कर में मामा-भांजे की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
deoli fattepur road accident mamabhanja death wardha
Road Accident (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Deoli Road Accident: वर्धा जिले के देवली-नाचणगांव मार्ग पर फत्तेपुर परिसर में शुक्रवार, 4 जुलाई की शाम करीब 6 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से नाचणगांव, पुलगांव तथा आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। एक ही परिवार के दो सदस्यों की एक साथ मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलगांव निवासी भाऊराव पारिसे (57) भांजे केशव प्रभुजी मांढरे (36) के साथ देवली में निजी कार्य पूरा कर बाइक क्र। एमएच- 32-बीबी-1220 से वापस पुलगांव लौट रहे थे। इसी दौरान फत्तेपुर परिसर में उनकी बाइक की सामने से आ रहे मालवाहक वाहन क्र। एमएच 14 एचयू 0094 से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।

इलाज के दौरान भांजे ने भी तोड़ा दम

हादसे में भाऊराव पारिसे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल केशव मांढरे को तत्काल उपचार के लिए वर्धा जिला अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सामान्य कराया, एक ही परिवार के मामा व भांजे की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिजनों व रिश्तेदारों में कोहराम मच गया।

नाचणगांव परिसर में शोक का माहौल

इस घटना से नाचणगांव क्षेत्र में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। पुलगांव पुलिस ने मालवाहक वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में टक्कर के कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने और सावधानी बरतने की अपील की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com