आर्वी नगराध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार, बैठकों के बाद भी 'महाविकास' घटक दलों का निर्णय लंबित

Arvi Municipal Election: आर्वी नगरपालिका चुनाव में भाजपा के 24 महिला दावेदारों के इंटरव्यू पूरे, जबकि महाविकास गठबंधन का निर्णय अभी लंबित। नगराध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गया।
आर्वी नगराध्यक्ष पद के लिए अनेक दावेदार
आर्वी नगराध्यक्ष पद के लिए अनेक दावेदार (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Updated on

Arvi Mayor Candidates: आर्वी स्थानीय नगरपालिका चुनाव में भाजपा पहले ही 'एकला चलो रे' की भूमिका अपना चुकी है। पिछली चुनाव में नगराध्यक्ष पद समेत सभी 23 नगरसेवक सीटें जीतने वाली भाजपा ने इस बार अपने सहयोगी दल शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित पवार गुट) से गठबंधन पर कोई चर्चा ही नहीं की। दूसरी ओर कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) और शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के बीच चर्चा तो हुई, लेकिन निर्णय अभी भी अटका हुआ है। भाजपा की ओर से नगराध्यक्ष पद के लिए कुल 24 महिलाओं ने अपनी दावेदारी पेश की है।

उधर, गठबंधन को लेकर चर्चाएं जारी रहने से कांग्रेस और अन्य घटक दलों के नेता नगराध्यक्ष पद के दावेदारों के नाम बताने से भी बच रहे हैं। भाजपा ने वर्धा मुख्यालय में जिले के सभी छह नगराध्यक्ष - पदों के लिए इच्छुक उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए। आर्वी नगराध्यक्ष पद के लिए 24 महिला दावेदारों ने आवेदन दिया और साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी की।

इनका है समावेश

इनमें प्रमुख रूप से योगिता सुधीर केचे (विधान परिषद सदस्य दादाराव केचे की बहू), स्नेहल सुमित शिंगाणे, शुभांगी प्रमोद गाठे, दीपा सुरेश मोटवाणी, पूर्व नगराध्यक्ष प्रशांत सव्वालाखे की पत्नी शुभदा सव्वालाखे, डॉ. कालिंदी रिपल राणे, छाया विजय बाजपेयी, प्रतिभा विजय गिरी, मंजूषा अविनाश टाके, सारिका पंकज लोखंडे, स्मिता संजय थोरात, दुर्गेशनंदिनी मथुरेश पुरोहित, स्वाति प्रकाश गुल्हाणे, उषा संजय अग्रवाल, उषा सुनील सोनटक्के, वर्षा प्रशांत ठाकुर, शुभांगी सुजित भिवगड़े, जया धनंजय चौबे, स्नेहा गौरव जाजू, साधना दिलीप अजमिरे, सुषमा मिलिंद हिवाले, राधिका विष्णूप्रसाद भारती, माधुरी राम निस्ताने तथा मंजू राहुल गोडबोले (गुल्हाणे) आदि का समावेश हैं। जिला पैनल ने इंटरव्यू के बाद तीन नाम प्रदेश स्तर पर भेजे हैं। प्रमुख दावेदारों की ओर से प्रयास तेज हैं, लेकिन संभावना यही है कि भाजपा रविवार, 16 नवंबर तक भी अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं करेगी।

हलचल तेज, पर निर्णय अधर में...

कांग्रेस शहर अध्यक्ष ने नगराध्यक्ष पद के लिए महिला दावेदारों के नाम बताने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना था कि अभी मित्र दलों के साथ चर्चा चल रही है, इसलिए नाम उजागर नहीं कर सकते। हालांकि सूत्रों के अनुसार मंजुषा शैलेश अग्रवाल, प्रणोती प्रकाश जयसिंगपुरे और भारती सुधाकर भुयार ने कांग्रेस से दावेदारी की है। राष्ट्रवादी (शरद पवार गुट) से भारती पोटफोड़ें इच्छुक बताई जा रही हैं।

शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी (अजित पवार गुट) महायुती के तहत गठबंधन कर चुनाव लड़ेंगे या अकेले मैदान में उतरेंगे, यह अब तक तय नहीं है। कांग्रेस, राष्ट्रवादी (शरद पवार), शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के बीच गठबंधन पर बैठकें तो हो चुकी हैं, मगर अंतिम निर्णय अब भी बाकी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com