वर्धा के आरोग्य केंद्र में रक्त जांच के लिए घंटों इंतजार, महालैब कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप

Wardha Ayushman Bharat: वर्धा के दयालनगर आयुष्यमान भारत आरोग्य केंद्र में रक्त जांच के लिए नागरिकों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। महालैब कर्मचारियों पर देरी और मनमानी के आरोप लगे हैं।
MahaLab Staff Complaint In Wardha
वर्धा आयुष्मान आरोग्य मंदिर (सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

MahaLab Staff Complaint In Wardha: वर्धा शहर के दयालनगर स्थित आयुष्मान भारत आरोग्य केंद्र में इन दिनों स्वास्थ्य जांच के लिए जाने वाले नागरिक अत्यधिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। रक्त जांच (ब्लड टेस्ट) के लिए जाने पर सुबह संबंधित कर्मचारी उपस्थित ही नहीं रहते। परिणामस्वरूप, रक्त जांच के लिए मरीजों को घंटों तक प्रतीक्षा करनी पड़ रही है। इतना ही नहीं, समय समाप्त होने की बात कहकर कर्मचारी जल्द ही घर लौट जाते हैं, ऐसा गंभीर आरोप स्थानीय नागरिकों ने लगाया है।

मरीजों की लंबी कतारे

जानकारी के अनुसार, वर्धा शहर के विविध हिस्सों में सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत आरोग्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन आरोग्य केंद्रों में रक्त जांच निःशुल्क की जा रही है, जिसका संपूर्ण ठेका निजी संस्था 'महालैब' को दिया गया है। इसके चलते स्वास्थ्य केंद्र में सुबह से ही ज्येष्ठ नागरिकों के साथ-साथ अन्य लोग भी बड़ी संख्या में रक्त जांच कराने पहुंचते हैं। विशेषकर बीपी और शुगर के मरीजों को भोजन के पहले (फास्टिंग) व भोजन के बाद (पोस्ट-प्रैंडियल) इस प्रकार दो बार रक्त की जांच कराना अनिवार्य होता है।

आयुष्मान भारत आरोग्य केंद्र के रक्त जांच विभाग का समय सुबह 9.30 से दोपहर 12.30 बजे तक निर्धारित है। अधिकांश पीड़ित ज्येष्ठ नागरिक रक्त जांच के लिए सुबह जल्दी ही केंद्र पर आ जाते हैं, लेकिन महालैब से संबंधित कर्मचारी समय पर उपस्थित नहीं होते। सोमवार को कई नागरिक सुबह 9 बजे, यानी निर्धारित समय से आधा घंटा पहले ही आयुष्मान भारत आरोग्य केंद्र पर पहुंच गए थे।

इसके बाद सुबह 10.30 बजे महालैब का रक्त जांच करने वाला कर्मचारी वहां पहुंचा। करीब एक घंटे की देरी से आने के बाद भी वह मरीजों से सही ढंग से बर्ताव नहीं कर रहा था, ऐसा आरोप नागरिकों ने लगाया है। इस दौरान मरीजों की लंबी कतार लगी रहने से नागरिकों को अत्यधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

समय में सुधार समेत संबंधितों पर कार्रवाई करें

सामाजिक कार्यकर्ता रवि संगतानी ने कहा है कि  "महालैब में रक्त जांच कराने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक आते हैं, लेकिन दयालनगर के आयुष्मान भारत आरोग्य केंद्र के रक्त जांच विभाग के कर्मचारी हमेशा ही देरी से आते हैं। वे नागरिकों के साथ सौहार्दपूर्ण बर्ताव भी नहीं करते। सोमवार को महालैब का कर्मचारी एक घंटे से ज्यादा की देरी से आया, जिससे स्वास्थ्य केंद्र में अत्यधिक भीड़ हो गई थी। प्रशासन को चाहिए कि वह इस समय में सुधार करे तथा संबंधित कर्मचारियों पर उचित कार्रवाई कर नागरिकों पर हो रहा यह अन्याय दूर करे।"

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com