ड्रग्स के खिलाफ बड़ा अभियान, प्रताप सरनाईक के नेतृत्व में युवासेना की ‘यूथ अगेंस्ट ड्रग्स’ स्क्वॉड का गठन

Pratap Sarnaik: मीरा-भाईंदर में ड्रग्स के बढ़ते कारोबार के खिलाफ परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के नेतृत्व में युवासेना ने ‘यूथ अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान के तहत विशेष एंटी-ड्रग स्क्वॉड का गठन किया है।
Yuva Sena anti drug drive
Pratap Sarnaik: मीरा-भाईंदर (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mira Bhayandar Drug Campaign: मीरा-भाईंदर शहर में बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ अब निर्णायक जंग छेड़ दी गई है। महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के नेतृत्व में युवासेना ने “यूथ अगेंस्ट ड्रग्स” अभियान के तहत एक विशेष एंटी-ड्रग यूथ स्क्वॉड का गठन किया है। मंत्री सरनाईक ने सोमवार को आयोजित पत्रकार परिषद में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शहर को ड्रग्स, चरस, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की गिरफ्त से मुक्त कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना है।

शहर की सुरक्षा और युवाओं का भविष्य दांव पर

मंत्री सरनाईक ने कहा कि मीरा-भाईंदर में पिछले कुछ समय से नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। इससे आम नागरिकों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ रहे थे। उन्होंने इसे शहर की सुरक्षा और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए, जनप्रतिनिधि होने के नाते ठोस कार्रवाई का निर्णय लिया।

24 प्रभाग, 24 युवा सैनिक, जमीनी स्तर पर सख्त निगरानी

मीरा-भाईंदर महानगरपालिका क्षेत्र के सभी 24 प्रभागों से 24 जिम्मेदार युवासेना सदस्यों की नियुक्ति कर यूथ स्क्वॉड को मजबूत किया गया है। यह टीम शहर के हर कोने में सक्रिय रहकर ड्रग्स बेचने वालों और नशा करने वालों पर कड़ी नजर रखेगी।

24-7 हेल्पलाइन : 9930887578

मंत्री सरनाईक ने बताया कि जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहने वाली विशेष हेल्पलाइन नंबर 9930887578 शुरू की गई है। यदि कहीं भी ड्रग पेडलर या नशे से जुड़ी गतिविधि दिखाई दे, तो नागरिक तुरंत सूचना दे सकते हैं। सूचना मिलते ही यूथ स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेगा।

पुलिस-प्रशासन के साथ समन्वय, सख्त कानूनों की तैयारी

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि इस मुद्दे पर मीरा-भाईंदर के पुलिस आयुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से चर्चा की गई है। पुलिस अपने स्तर पर कार्रवाई कर रही है। साथ ही सरकार भी गंभीर रुख अपनाते हुए ड्रग डीलरों के खिलाफ मकोका जैसे कड़े कानूनों के तहत मामले दर्ज करने के निर्देश दे चुकी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com