महिला सुधार गृह में बड़ी चूक! फरार हुईं 12 कैदियों में से 8 पुलिस ने धर दबोचा

Ulhasnagar News: उल्हासनगर महिला सुधार गृह से 12 कैदियों में से 8 को पकड़ा गया, 4 फरार। पुलिस जांच में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और चूक का पता लगाया जाएगा।
Thane News
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on
Updated on

Maharashtra News: उल्हासनगर शहर के कैंप क्रमांक 5 परिसर स्थित शांति सदन महिला सरकारी सुधार गृह से भागने वाली 12 महिला कैदियों में से 8 को पकड़ लिया गया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस उपायुक्त (जोन-4) सचिन गोरे ने बताया कि चार अन्य फरार महिला कैदियों की तलाश जारी है। विजयादशमी की पूर्व संध्या पर बंदी महिलाएं फरार होने में सफल हुई थीं।

उन्होंने बताया कि अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत आरोपों का सामना कर रही 12 महिला कैदी तीन अक्टूबर की रात को सरकारी महिला सुधार गृह की चारदीवारी और मुख्य द्वार फांदकर भाग गई थीं। डीसीपी गोरे के मुताबिक पुलिस दलों ने फुर्ती दिखाते हुए उल्हासनगर और आसपास के इलाकों में तलाश अभियान शुरू किया, जिसके परिणामस्वरूप इनमें से आठ महिला कैदियों को शनिवार रात हिरासत में ले लिया गया।

उन्होंने कहा कि पुलिस के कई दल चार अन्य महिला कैदियों की तलाश कर रहे हैं। डीसीपी गोरे के अनुसार, इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सुधार गृह में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा, "घटना के लिए जिम्मेदार चूक का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। हिल लाइन पुलिस इसकी जांच कर रही है।"

विधायक चित्रा बाघ ने बाल सुधार गृह का किया था दौरा

पिछले महीने की बीस तारीख को भाजपा की प्रदेशस्तरीय नेता विधायक चित्रा वाघ ने स्थानीय विधायक कुमार आयलानी के साथ उक्त महिला सुधार गृह का दौरा किया था। यह सुधार गृह राज्य सरकार की देखरेख में चलता है। गौरतलब है कि तीन महीने पहले भी बाल सुधार गृह से 6 लड़कियां फरार हो गई थीं, जिनमें से चार लड़कियां अपने घर पहुंच गईं और दो अब तक नहीं मिली हैं। जिनकी तलाश जारी है। इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आई हैं, जिसे देखते हुए तथा वस्तुस्थिति को समझने के दृष्टिकोण से भाजपा नेता विधायक चित्रा वाघ ने दौरा किया था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com