उल्हासनगर में गणेशोत्सव को लेकर पुलिस की तैयारी, दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल और रूट मार्च से दिया सुरक्षा का संदेश

Ulhasnagar Ganeshotsav Mock Drill: गणेशोत्सव के मद्देनजर उल्हासनगर पुलिस ने दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल और रूट मार्च किया। संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रहेगी।
Riot control mock drill at Venus Chowk, Ulhasnagar
उल्हासनगर के वीनस चौक पर दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Ulhasnagar Police Riot Control Mock Drill: गणेशोत्सव के दौरान शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उल्हासनगर पुलिस ने दंगा नियंत्रण मॉक ड्रिल का आयोजन किया। उल्हासनगर कैंप नंबर 4 स्थित वीनस चौक इलाके में आयोजित इस मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों ने दंगे जैसी स्थिति उत्पन्न होने पर भीड़ को नियंत्रित करने, उपद्रवियों को तितर-बितर करने और स्थिति पर काबू पाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया। पुलिस ने इस दौरान लाठीचार्ज की कार्रवाई का भी डेमोंस्ट्रेशन दिया।

वीनस चौक से गोल मैदान तक निकाला रूट मार्च

मॉक ड्रिल के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने वीनस चौक से गोल मैदान तक रूट मार्च निकाला। इसका उद्देश्य गणेश चतुर्थी और गणेशोत्सव के दौरान नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश देना था कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है। रूट मार्च के जरिए पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपनी मौजूदगी और तैयारियों का भी प्रदर्शन किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

यह पूरी कवायद उल्हासनगर पुलिस परिमंडल-4 के पुलिस उपायुक्त सचिन गोरे और सहायक पुलिस आयुक्त शंकर अवताड़े के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। रूट मार्च में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चंद्रहार गोडसे, अशोक कोली और संतोष आव्हाड सहित उल्हासनगर, विट्ठलवाड़ी और मध्यवर्ती पुलिस थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। पुलिस बल ने मॉक ड्रिल के माध्यम से आपात स्थिति में समन्वय के साथ कार्रवाई करने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

Riot control mock drill at Venus Chowk, Ulhasnagar
कल्याण: 1 घंटे में रची कलाकृति, महाराष्ट्र के नक्शे और 36 जिलों से उभरी श्रीगणेश की आकृति

संवेदनशील इलाकों पर रहेगी विशेष नजर

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेशोत्सव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा। संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी की जाएगी और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मॉक ड्रिल और रूट मार्च के जरिए पुलिस ने नागरिकों को आश्वस्त किया है कि त्योहार के दौरान ठाणे शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बंदोबस्त और तैयारियां की गई हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com