Thane News: उल्हासनगर में प्रचार थमते ही मचा बवाल, ऑटो रिक्शा से 50 लाख नकद जब्त

Cash Seizure Election: उल्हासनगर मनपा चुनाव प्रचार समाप्त होते ही सुभाष टेकड़ी इलाके में एक ऑटो रिक्शा से 50 लाख रुपये नकद जब्त किए गए, जिस पर चुनाव आयोग की फ्लाइंग स्क्वाड और पुलिस ने जांच शुरू की है
cash found in auto rickshaw
Cash Seizure Election:उल्हासनगर मनपा चुनाव प्रचार (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ulhasnagar Municipal Election: मंगलवार शाम 5 बजे उल्हासनगर महानगरपालिका चुनाव के लिए प्रचार अभियान समाप्त होते ही कैंप नंबर 4 के सुभाष टेकड़ी इलाके में एक ऑटो रिक्शा से 50 लाख रुपये नकद जब्त किए जाने से राजनीतिक हलचल मच गई। यह बड़ी कार्रवाई एक निर्दलीय उम्मीदवार की सतर्कता से संभव हो सकी। आशंका जताई जा रही है कि यह नकदी मतदाताओं में बांटने के उद्देश्य से ले जाई जा रही थी।

प्रचार समाप्त होने के बाद सुभाष टेकड़ी स्थित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर चौक से एक ऑटो रिक्शा तेज गति से गुजर रहा था, जिस पर निर्दलीय उम्मीदवार नरेश उर्फ नारायण गायकवाड़ को संदेह हुआ। गायकवाड़ के अनुसार, उन्होंने कैंप नंबर 3 से ही इस संदिग्ध ऑटो रिक्शा का पीछा शुरू कर दिया था। विट्ठलवाड़ी पुलिस चौकी के पास पहुंचते ही उन्होंने ऑटो रिक्शा को रुकवाया।

दो-तीन अज्ञात व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

इसी दौरान ऑटो रिक्शा में बैठे दो-तीन अज्ञात व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि रिक्शा चालक को एक बड़े बैग के साथ मौके पर ही पकड़ लिया गया। गायकवाड़ ने तुरंत रिक्शा चालक और बैग को विट्ठलवाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में जब बैग खोला गया, तो उसमें 50 लाख रुपये नकद पाए गए। घटना की खबर फैलते ही सुभाष टेकड़ी इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

घटना से उल्हासनगर के राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया

मतदान से कुछ ही घंटे पहले इतनी बड़ी नकदी बरामद होने से राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। चुनाव आयोग की फ्लाइंग स्क्वाड ने नकदी जब्त कर ली है और रिक्शा चालक से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस और चुनाव विभाग यह जांच कर रहे हैं कि यह रकम किस पार्टी या उम्मीदवार से जुड़ी है, किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी और इसके पीछे मुख्य साजिशकर्ता कौन है। चुनाव से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई ने उल्हासनगर के राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com