और वह ‘उसके’ जिंदगी की आखिरी सेल्फी रही… ठाणे में फोटो लेने में व्यस्त युवक आया ट्रेन की चपेट में, दर्दनाक मौत
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रेलवे की पटरियों पर सेल्फी लेने में मशगूल 24 वर्षीय युवक की एक ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। यह घटना मंगलवार शाम को अंबरनाथ और बदलापुर रेलवे स्टेशन के बीच एक फ्लाईओवर के नीचे हुई।
- Written By: आंचल लोखंडे
ठाणे में फोटो लेने में व्यस्त युवक आया ट्रेन की चपेट। सौजन्यः सोशल मीडिया (प्रतिकात्मक फोटो)
ठाणे: जिंदगी एक ही बार मिलती है, इसलिए इसे खुलकर जिए… सही है जो मन चाहे वैसा जिए। हर पल में जिए। जिस चीज से खुशी मिले, वह करें। लेकिन फिर एक बार वही बात याद रखें। जिंदगी एक ही बार मिलती है। जी हां… जैसा मन करे, वैसा जीने के चक्कर में खुद की ही जान जोखिम में डालना सरासर गलत है। कुछ ऐसा ही एक दर्दनाक मामला ठाणे से सामने आया है।
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रेलवे की पटरियों पर सेल्फी लेने में मशगूल 24 वर्षीय युवक की एक ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस यानी जीआरपी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंधारी कांडे ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह घटना मंगलवार शाम को अंबरनाथ और बदलापुर रेलवे स्टेशन के बीच एक फ्लाईओवर के नीचे हुई।
पश्चिम बंगाल का रहने वाला है मृतक
कांडे ने बताया मृतक की पहचान साहिर अली के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और छुट्टियां मनाने के लिए ठाणे के अंबरनाथ इलाके में अपने रिश्तेदार के घर आया था। कांडे ने बताया कि साहिर मंगलवार को अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ सेल्फी लेने और तस्वीरें खिंचवाने के लिए एक फ्लाईओवर के नीचे रेलवे की पटरियों पर गया।
सम्बंधित ख़बरें
अंबरनाथ में बिल्डर से परेशान होकर 192 फ्लैटधारकों ने किया 6 जुलाई से भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान
कल्याण-मुरबाड रेलवे लाइन का काम शुरू; 18 गांवों की 151 हेक्टेयर भूमि होगी अधिग्रहित, अधिसूचना जारी
चार छात्राएं एक ही स्कूल से अचानक लापता, कल्याण में मचा हड़कंप, पुलिस के हाथ भी नहीं लगा कोई सुराग
Rain Update: ठाणे में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल, ट्रैफिक जाम और जलभराव के बीच 4 जुलाई तक अलर्ट जारी
महाराष्ट्र से जुड़ी अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
सेल्फी लेने में था मशगूल
उन्होंने दी जानकारी के अनुसार सेल्फी लेने में मशगूल होने के कारण वह पीछे से आ रही तेज रफ्तार कोयना एक्सप्रेस पर ध्यान नहीं दे पाया और उसकी चपेट में आ गया। कांडे के अनुसार, हादसे में साहिर की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर कल्याण जीआरपी कर्मी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया।
खुद की और दूसरों की जान जोखिम में न डालें
कांडे के मुताबिक, पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है और घटना की जांच की जा रही है। नवभारत की आपसे अपील है कि एंजॉयमेंट के नाम पर खुद की और दूसरों की जान जोखिम में न डालें और हर पल सतर्क रहें, सजग रहें। जिससे इन जैसी घटनाओं से बचा जा सके।
