

Thane Municipal Corporation Development: देवदयानगर स्थित उन्नती गार्डन में अब नागरिकों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक नया और बेहतर मंच मिलने जा रहा है। ठाणे मनपा द्वारा बनाए जाने वाले इस रंगमंच के निर्माण कार्य का भूमिपूजन शुक्रवार को राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने किया।
इस अवसर पर सरनाईक ने कहा कि यह खुला रंगमंच शिवाईनगर, वर्तकनगर और शास्त्रीनगर सहित आसपास के नागरिकों के लिए सांस्कृतिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। उन्नती गार्डन ठाणे शहर के मध्यवर्ती क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां प्रभाग क्रमांक 5, 7 और 14 के विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
मौजूदा खुले रंगमंच की ऊंचाई कम होने के कारण लंबे समय से इसे ऊंचा और सुविधाजनक बनाने की मांग स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की ओर से की जा रही थी। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए नया रंगमंच तैयार किया जा रहा है।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने बताया कि नए खुले रंगमंच की ऊंचाई करीब 20 फीट होगी। इससे यहां माघी गणेशोत्सव, नवरात्रोत्सव के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम अधिक व्यवस्थित तरीके से आयोजित किए जा सकेंगे। नए मंच से क्षेत्र के नागरिकों को सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
सरनाईक के मुताबिक ठाणे शहर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री और वर्तमान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कार्यकाल में ठाणे मनपा को उपलब्ध कराए गए निधि से इस परियोजना के लिए भी राशि मंजूर की गई थी। हालांकि, चुनाव आचार संहिता और विभिन्न आवश्यक अनुमतियों के कारण परियोजना के क्रियान्वयन में देरी हुई। अब संबंधित ठेकेदार को कार्यादेश जारी कर दिया गया है। खुला रंगमंच अगले 6 से 8 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
भूमिपूजन समारोह में वर्तकनगर प्रभाग समिति की अध्यक्ष जयश्री डेव्हीड, नगरसेविका परिषा सरनाईक, विमल भोईर, शीतल ढमाले, नगरसेवक वैभव कदम, राकेश शिंदे, ठाणे मनपा के कार्यकारी अभियंता संजय कदम सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।