ठाणे में Ring Metro के लिए घर उजाड़ने पर विरोध, मंत्री प्रताप सरनाईक ने दिया 100% पुनर्वास का भरोसा

Thane Ring Metro Protest: ठाणे में रिंग मेट्रो के प्रस्तावित मार्ग को लेकर विरोध तेज हो गया है। मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि 100% पुनर्वास के बिना परियोजना आगे नहीं बढ़ेगी।
Thane Ring Metro Protest Minister Pratap Sarnaik
ठाणे रिंग मेट्रो परियोजना का विरोध करने वाले लोगों को समझाते मंत्री प्रताप सरनाईक(फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Pratap Sarnaik Assures Full Rehabilitation: ठाणे में रिंग मेट्रो परियोजना का विरोध बढ़ता ही जा रहा है। अब स्वयं राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक भी प्रोजेक्ट से होने वाले विस्थापन के मुद्दे को लेकर सड़क पर उतर आए हैं।

ठाणे के घोड़बंदर रोड की कई सोसायटियों के साथ झोपड़पट्टी बहुल लोकमान्यनगर क्षेत्र में प्रस्तावित रिंग मेट्रो परियोजना को लेकर स्थानीय नागरिकों का विरोध तेज हो गया है।

परिवहन मंत्री सरनाईक ने कहा कि विकास का विरोध नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर नागरिकों का विस्थापन और विनाश स्वीकार नहीं किया जा सकता।

सर्वपक्षीय कृति समिति की चेतावनी

लोकमान्यनगर बचाव सर्वपक्षीय कृति समिति ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि परियोजना के लिए बड़ी संख्या में घरों को प्रभावित किया गया और प्रभावित परिवारों का पूर्ण पुनर्वास नहीं किया गया, तो तीव्र आंदोलन किया जाएगा।

रविवार को आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लेकर अपनी चिंताएं रखीं। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधि और मंत्री प्रताप सरनाईक को भी आमंत्रित किया गया था।

उन्होंने कहा कि रिंग मेट्रो के लिए ऐसे वैकल्पिक मार्गों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए, जिनसे कम से कम नागरिक प्रभावित हों और अधिक से अधिक ठाणेकरों को परियोजना का लाभ मिल सके।

100 प्रतिशत हो पुनर्वास

मंत्री प्रताप सरनाईक ने यह भी आश्वासन दिया कि प्रभावित नागरिकों के 100 प्रतिशत पुनर्वास के बिना परियोजना को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे स्वयं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से चर्चा कर इस मुद्दे का सकारात्मक समाधान निकालने का प्रयास करेंगे।

हजारों घर चपेट में

बैठक में नागरिकों ने आशंका जताई कि यदि लोकमान्यनगर के हजारों घर परियोजना की चपेट में आते हैं, तो पुनर्वास की बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है। कुछ नागरिकों ने यह सवाल भी उठाया कि क्या कुछ बिल्डरों के कथित हितों के लिए क्षेत्र को उजाड़कर क्लस्टर पुनर्विकास का रास्ता साफ करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में कोई स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।

Thane Ring Metro Protest Minister Pratap Sarnaik
नौकरी नहीं, रोजगार देने का लक्ष्य रखें युवा; मुंबई में यादव समाज के सम्मान समारोह में बेटियों पर रहा खास जोर

आंदोलन होगा तेज

विभिन्न राजनीतिक दलों के स्थानीय पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। विभाग प्रमुख संतोष ढमाले ने कहा कि लोकमान्यनगर के विनाश की कीमत पर विकास स्वीकार नहीं किया जाएगा। नगरसेवक राकेश शिंदे ने भी कुछ लोगों द्वारा एकनाथ शिंदे के फोटो और वीडियो के माध्यम से ठाणे शहर में रिंग मेट्रो के समर्थन का माहौल बनाने के प्रयास का आरोप लगाया।

सर्वपक्षीय कृति समिति ने मांग की है कि नागरिकों के हित, प्रभावित परिवारों के उचित और पूर्ण पुनर्वास तथा वैकल्पिक मार्गों पर विचार किए बिना रिंग मेट्रो परियोजना को आगे नहीं बढ़ाया जाए। समिति ने स्पष्ट किया कि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com