

Thane Road Safety Public Movement: ठाणे पुलिस आयुक्तालय की ओर से ‘सड़क सुरक्षा अभियान 2026’ के तहत शुरू किए गए ‘Traffic School on Wheels’ अभियान के उद्घाटन अवसर पर मंत्री सरनाईक ने सड़क सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ महज नारा नहीं, बल्कि जिंदगी बचाने का संकल्प है। यातायात नियमों का पालन पुलिस के डर या जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद और दूसरों की जान सुरक्षित रखने के लिए होना चाहिए।
‘Traffic School on Wheels’ के माध्यम से विद्यार्थियों, वाहन चालकों, व्यावसायिक ड्राइवरों और आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। इस अभियान में हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, गति सीमा, सिग्नल पालन, लेन अनुशासन तथा शराब पीकर वाहन चलाने के गंभीर परिणामों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि ‘मुझे कुछ नहीं होगा’ वाला आत्मविश्वास सड़क पर जानलेवा साबित हो सकता है। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करना या मैसेज करना, तेज गति, हेलमेट की अनदेखी और यातायात नियम तोड़ना दुर्घटनाओं को न्योता देता है। खासकर युवाओं को सड़क सुरक्षा को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए।
2023 के आंकड़ों के मुताबिक, देश में सड़क दुर्घटनाओं में 35,203 पैदल यात्रियों और 77,539 दोपहिया चालकों की मौत हुई। महाराष्ट्र में 3,110 पैदल यात्रियों और करीब 7,782 दोपहिया चालकों ने जान गंवाई। राज्य में कुल सड़क दुर्घटना मौतों में पैदल यात्रियों और दोपहिया चालकों की हिस्सेदारी करीब 70 प्रतिशत है।
मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि ठाणे और मुंबई महानगर क्षेत्र में बढ़ते यातायात के बीच केवल ट्रैफिक मैनेजमेंट काफी नहीं है। बेहतर सड़कें, सक्षम यातायात व्यवस्था और अनुशासित वाहन चालक इन तीनों के समन्वय से ही सुरक्षित यातायात संभव है।
उन्होंने बताया कि ठाणे और मीरा-भायंदर में ट्रैफिक गार्डन बनाए गए हैं। राज्य के सभी परिवहन कार्यालयों के पास ‘धर्मवीर आनंद दिघे यातायात उद्यान’ बनाने की योजना है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि ‘Traffic School on Wheels’ महाराष्ट्र के शहरों और गांवों तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने वाला प्रभावी जनआंदोलन बनेगा।
इस अवसर पर महापौर शर्मिला पिंपलोलकर, कल्याण-डोंबिवली महापौर हर्षाली चौधरी, विधायक संजय केलकर, रवींद्र फाटक, ठाणे पोलीस आयुक्त आशुतोष डुंबरे, पोलीस सहआयुक्त डॉ. ज्ञानेश्वर चव्हाण, यातायात विभाग के पुलिस उपायुक्त पंकज नवनाथ शिरसाट सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं स्कूली विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।