जागे रेलवे अधिकारी, ठाणे स्टेशन पर सांसद म्हस्के और DRM ने लिया जायजा, 15-कोच लोकल और मानसून तैयारियों पर जोर

Thane Railway Station: ठाणे रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं के अभाव को लेकर सांसद नरेश म्हस्के और डीआरएम हिरेश मीणा का दौरा। 15-कोच लोकल, मोगली डैम हस्तांतरण और स्टेशन विकास कार्यों पर चर्चा। पूरी खबर पढ़ें।
Railway Officials Spring into Action: MP Mhaske and DRM Inspect Thane Station, Emphasizing 15-Coach Locals and Monsoon Preparedness
सांसद नरेश म्हस्के व डीआरएम हिरेश मीणा का साथ संयुक्त दौरा (सोर्स: फाइल फोटो)
Updated on

Thane Railway Station Update: मध्य रेलवे के सबसे भीड़-भाड़ वाले स्टेशनों में से एक ठाणे रेलवे स्टेशन पर भीड़ के साथ बढ़ती यात्री समस्याएं कम होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। ऐतिहासिक ठाणे रेलवे स्टेशन पर सार्वजनिक शौचालय से लेकर पानी, इमरजेंसी मेडिकल रूम तक की सुविधाओं का अभाव नजर आ रहा है। ठाणे रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के कार्यों में तेज़ी लाने के लिए बुधवार को ठाणे के सांसद नरेश म्हस्के ने मुंबई मंडल के डीआरएम हिरेश मीणा के साथ संयुक्त दौरा भी किया।

इस दौरान नए पब्लिक टॉयलेट, एक्सेलरेटर के काम में तेज़ी लाना, प्लेटफॉर्म पर पेयजल की व्यवस्था, इमरजेंसी मेडिकल रूम शुरू होने में हो रही देरी, प्री-मॉनसून के कामों को तुरंत पूरा करने आदि समस्याओं पर चर्चा की गई। डीआरएम हिरेश मीणा ने सीनियर रेलवे अधिकारियों को अधूरे कामों को तुरंत पूरा करने का निर्देश दिया।

बरसात में ट्रैक पा नहीं जमा होगा पानी

MP नरेश म्हस्के ने कहा कि ठाणे ईस्ट और वेस्ट के बीच माइक्रो टनल का काम पूरा होने से बारिश के मौसम में ट्रैक पर पानी जमा नहीं होगा। स्टेशन की भीड़ देखते हुए मुलुंड दिशा में एक और एफओबी को मंज़ूरी मिल गई है। MP नरेश म्हस्के ने यह भी बताया कि ठाणे ईस्ट में सतीस ब्रिज से जल्द ही TMT ट्रैफिक शुरू हो जाएगा। डी-मार्ट के CSR फंड से ठाणे रेलवे स्टेशन पर टॉयलेट बनाने का काम शुरू है। हालांकि, MP नरेश म्हस्के ने इस काम में हो रही भारी देरी को लेकर रेलवे एडमिनिस्ट्रेशन से कड़ी नाराज़गी जताई। पैसेंजर की परेशानी को देखते हुए उन्होंने इन कामों को तुरंत पूरा करने का सुझाव दिया। इस दौरान स्टेशन मास्टर ऑफिस में रेलवे एडमिनिस्ट्रेशन, ठाणे मनपा, पैसेंजर एसोसिएशन और पब्लिक रिप्रेजेंटेटिव के साथ मीटिंग में कई यात्री समस्याओं पर डीआरएम का ध्यान आकर्षित कराया गया।

15 डिब्बा लोकल चलाने की मांग

मध्य रेल पर 15 डिब्बा लोकल चलाने की मांग तेजी से हो रही है। रेलवे भी 15 डिब्बा लोकल के लिए विभिन्न स्टेशनों पर प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाने का काम कर रहा है। ठाणे स्टेशन पर जल्द ही 15 कोच वाली लोकल ट्रेनें शुरू होने वाली हैं, इसलिए प्लेटफॉर्म की लंबाई बढ़ाने का काम जल्दी पूरा करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 पर एस्केलेटर का काम बहुत धीमी गति से चल रहा है, इसलिए इसे तेज़ करने की भी मांग की गई। MP नरेश म्हस्के ने यह भी सुझाव दिया कि मानसून से पहले नाले की सफाई का काम पूरा करके वॉटरलॉगिंग की समस्या से बचा जाए।

मोगली डैम का मुद्दा

नवी मुंबई और आस-पास के इलाके में पानी की कमी को देखते हुए, रेलवे के कंट्रोल वाले मोगली डैम का मुद्दा भी मीटिंग में उठाया गया। कहा गया कि यह डैम अभी खराब हालत में है और रेलवे एडमिनिस्ट्रेशन इसका इस्तेमाल नहीं कर रहा है। अगर यह डैम नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन को दे दिया जाए, तो इलाके में पानी की समस्या काफी हद तक हल हो सकती है, इसके लिए MP नरेश म्हस्के के गाइडेंस में, नवी मुंबई की कॉर्पोरेटर चांदनी विजय चौगुले, एडवोकेट श्वेता सुभाष काले, गौरी किशोर आंग्रे ने मीटिंग में DRM मीणा को ज्ञापन दिया।

सेटिस काम में समय

इस मौके पर डीआरएम ने भी चल रहे डेवलपमेंट के कामों की जानकारी दी। उन्होंने कहा, “ठाणे रेलवे स्टेशन पर अभी कई तरह के डेवलपमेंट के काम चल रहे हैं। हम इन कामों को जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि पैसेंजर्स को कम से कम परेशानी हो। हालांकि कुछ बड़े प्रोजेक्ट्स, खासकर ठाणे पूर्व में चल रहे SATIS जैसे कामों में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन एडमिनिस्ट्रेशन उन्हें जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश कर रहा है।

बीजेपी-सेना नेता भी रहे उपस्थित

ठाणे स्टेशन पर इस संयुक्त दौरे में बीजेपी विधायक एड माधवी नाईक, बीजेपी नगरसेवक संजय वाघुले ,शिवसेना ठाणे शहर प्रमुख हेमंत पवार, पूर्व नगरसेवक भास्कर पाटिल, शिवसेना ठाणे लोकसभा सचिव बाला गवस, ठाणे विधानसभा सचिव संजीव कुलकर्णी, किरण नाकती रमाकांत पाटिल, विकास पाटिल, निखिल बुड़जडे, प्रीतम राजपूत, विधानसभा कोऑर्डिनेटर प्रकाश पायरे सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com