ठाणे मनपा (pic credit; social media)
Thane MNC Action On Property Tax: ठाणे में वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। ठाणे महानगरपालिका (टीएमसी) ने बकायादारों के खिलाफ जब्ती और सीलिंग की कार्रवाई तेज कर दी है, जिससे शहर में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
ठाणे मनपा प्रशासन के अनुसार अब तक 513 संपत्तियों को जब्त किया जा चुका है, जबकि 223 प्रॉपर्टी पर सील लगाया गया है। इसके अलावा 1206 बकायादारों के पानी कनेक्शन काट दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि टैक्स वसूली लक्ष्य पूरा करने के लिए यह कार्रवाई आवश्यक है।
बताया गया कि मनपा आयुक्त सौरभ राव ने फरवरी के पहले सप्ताह में अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रॉपर्टी टैक्स वसूली की समीक्षा की थी। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे, उपायुक्त जी. जी. गोदेपुरे और उपायुक्त मिताली संचेती समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे। आयुक्त ने बकाया वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
वर्ष 2025-26 के वित्तीय वर्ष में प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में मनपा को 841.58 करोड़ रुपये जमा होने की उम्मीद है। प्रशासन का कहना है कि बकाया करदाताओं से समय पर वसूली होने पर विकास कार्यों को गति मिलेगी और नागरिक सुविधाओं के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध होंगे।
ये भी पढ़ें :- मुंबई महापालिका में 56 हजार से ज्यादा पद खाली, नई भर्ती प्रक्रिया की मांग तेज
मनपा ने स्पष्ट किया है कि टैक्स बकाया रखने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे समय पर कर जमा कर प्रशासनिक कार्रवाई से बचें।