

मीनाक्षी शिंदे से करीब सात घंटे सवाल-जवाब हुए।
शिवसेना नेताओं ने नौपाडा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पूर्णेकर परिवार राजेंद्र और मीनाक्षी शिंदे की गिरफ्तारी पर अड़ा है।
ठाणे में शिवसेना और विपक्षी दलों के बीच तनाव बढ़ा।
Political Tension SIT Inquiry In Thane: शिवसेना (UBT) के विभागप्रमुख रहे प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड के लगभग 1 माह बाद भी ठाणे में टकराव की राजनीति रुकने का नाम नहीं ले रही है। इस मामले में पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे एवं उनके पति राजेन्द्र शिंदे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सियासी माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है।
मंगलवार को प्रदीप पूर्णेकर के बेटे राम पूर्णेकर को डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के ठाणे के आवास के बाहर पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद जमकर हंगामा, गालीगलौज यहां तक कि देर रात तक घोडबंदर रोड पर रास्ता रोको आंदोलन होने से दहशत का माहौल फैल गया।
इस मामले में पूर्णेकर परिवार के साथ यूबीटी, मनसे, एनसीपी और कांग्रेस द्वारा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर हमला बोले जाने के बाद बुधवार को शिवसेना के नेता आक्रामक हो गए। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक व सांसद नरेश म्हस्के ने पत्रकार वार्ता में यूबीटी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस मामले में केवल राजनीति की जा रही है। अब और नहीं सहन किया जाएगा।
नौपाडा पुलिस स्टेशन में उपमुख्यमंत्री शिंदे को पूर्णेकर परिवार के लोगों और जयनाथ पूर्णेकर द्वारा गाली दिए जाने के खिलाफ भारी रोष व्याप्त है। बुधवार को परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, सांसद नरेश म्हस्के, विधायक रविन्द्र फाटक के नेतृत्व में शिवसेना पदाधिकारी भी नौपाडा पुलिस थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया। नरेश म्हस्के ने कहा कि इस हत्या को लेकर विपक्ष सिर्फ राजनीति कर रहा है। पुलिस जांच में भी बाधा डाली जा रही है।
पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे और उनके पति राजेन्द्र शिंदे से विशेष जांच दल (SIT) की करीब सात घंटे की पूछताछ भी हुई। मंगलवार को मीनाक्षी शिंदे दोपहर करीब 12:45 बजे ठाणे के एंटी-एक्सटॉर्शन सेल कार्यालय पहुंचीं। पुलिस अधिकारियों ने उनसे लगभग 7 घंटे तक पूछताछ की और रात करीब आठ बजे उन्हें जाने दिया।
सूत्रों के मुताबिक, जांचकर्ताओं ने पूर्णेकर से कथित दुश्मनी, वारदात के दिन उनकी मौजूदगी और हत्या के बारे में पहले से किसी जानकारी के संबंध में सवाल पूछे। लेकिन पूर्णेकर परिवार शिंदे दंपत्ति की गिरफ्तारी पर अड़ा हुआ है। उनका आरोप है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की पार्टी की प्रमुख पदाधिकारी होने के नाते मीनाक्षी शिंदे और उनके पति को बचाया जा रहा है।
पूर्णेकर परिवार के गंभीर आरोपों के बाद पुलिस इससे पहले मीनाक्षी शिंदे के पति राजेंद्र शिंदे से सात बार पूछताछ कर चुकी है। ठाणे पुलिस का कहना है कि मीनाक्षी शिंदे ने जांच में सहयोग किया। पूछताछ के बाद उन्होंने भी कहा कि पुलिस जब दोबारा बुलाएगी, वह पेश होंगी। उधर राम पूर्णेकर ने इससे पहले दावा किया था कि उनके पास मामले से जुड़े कुछ सबूत हैं और राजेंद्र शिंदे को तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
इस पूरे घटनाक्रम ने ठाणे में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप को नया मुद्दा दे दिया है। यूबीटी सहित विपक्षी दल अब गुरुवार को भी इस मामले में मोर्चा निकालने पर अड़े हुए हैं,उधर एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने भी मोर्चा खोल दिया है।
बुधवार को टेम्भी नाका स्थित शिवसेना के जिला मुख्यालय आंनद आश्रम पर बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की भीड़ जमा हो गई। ठाणे में शुरू हुए इस राजनीतिक टकराव का खामियाजा जहां आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है वहीं पुलिस के लिए भी मुश्किलें खड़ी हो गईं हैं।