

प्रताप सरनाईक ने पूर्णेकर परिवार से मुलाकात की।
परिवार को सुरक्षा और वरिष्ठ वकीलों की मदद का भरोसा दिया।
एकनाथ शिंदे और देवेंद्र फडणवीस ने भी न्याय का आश्वासन दिया।
Thane Pradeep Purnekar Family Legal Support: ठाणे में शिवसेना (यूबीटी) गुट के विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की निर्मम हत्याकांड के मामले में पीड़ित परिवार की मदद के लिए शिवसेना खुल कर सामने आ गई है।
राज्य के परिवहन मंत्री एवं शिवसेना नेता प्रताप सरनाईक ने शनिवार को पूर्णेकर परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में शिवसेना और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री तथा शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।
प्रताप सरनाईक ने कहा कि पूर्णेकर परिवार के साथ उनके कई वर्षों से घनिष्ठ और पारिवारिक संबंध हैं। बालकृष्ण पूर्णेकर और जयनाथ पूर्णेकर सहित परिवार के अन्य सदस्यों से उनके पुराने संबंध रहे हैं।
ठाणे मनपा में पार्षद के रूप में काम करते समय भी उन्हें कई सहयोगियों के साथ काम करने का अवसर मिला था। उन्होंने कहा कि परिवार पर आए इस दुखद संकट में उन्हें सहारा देना अपनी जिम्मेदारी मानते हैं।
परिवार से मुलाकात के दौरान सरनाईक ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से फोन पर संपर्क किया और उनकी बातचीत पूर्णेकर परिवार से कराई। शिंदे ने भी परिवार को सांत्वना देते हुए भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में शिवसेना उनके साथ खड़ी है।
सरनाईक ने कहा कि प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। परिवार को न्याय दिलाने के लिए शिवसेना की ओर से अनुभवी वरिष्ठ वकीलों और सीनियर काउंसिल की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने इस कानूनी मदद की जिम्मेदारी लेने की बात भी कही।
परिवार की सुरक्षा के मुद्दे पर प्रताप सरनाईक ने बताया कि संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पर किसी तरह का राजनीतिक दबाव नहीं होना चाहिए और दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।
परिवार से मिलने में 18 दिन की देरी होने पर सरनाईक ने खेद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद ठाणे में बने तनावपूर्ण माहौल और किसी अप्रिय घटना की आशंका को ध्यान में रखते हुए मुलाकात के लिए उचित समय चुना गया। सरनाईक ने कहा कि इस संवेदनशील मामले का राजनीतिक लाभ उठाने के बजाय पीड़ित परिवार को सुरक्षा, कानूनी सहायता और न्याय दिलाना प्राथमिकता होनी चाहिए।
शुक्रवार को ठाणे में दुर्गा पांडालों में दर्शन करने आए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी पूर्णेकर परिवार मिला। सीएम ने भी हत्याकांड की कड़ी जांच का निर्देश देते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया है।