ठाणे में मानव तस्करी का भंडाफोड़, 7 दिन के बच्चे को छह लाख में बेचने की कोशिश, 5 गिरफ्तार

Newborn Child Trafficking: ठाणे में पुलिस ने मानव तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए सात दिन के नवजात शिशु को छह लाख रुपये में बेचने की कोशिश कर रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
ठाणे में नवजात तस्करी का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार
ठाणे में नवजात तस्करी का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Thane Crime News: महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने मानव तस्करी के एक रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए सात दिन के नवजात शिशु को छह लाख रुपये में बेचने की कोशिश कर रहे पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सूचना के आधार पर, ठाणे पुलिस के मानव तस्करी रोधी प्रकोष्ठ ने आरोपियों को पकड़ने के लिए एक योजना बनाई। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने एक फर्जी खरीदार का इस्तेमाल किया, ताकि यह पुष्टि की जा सके कि कोई गिरोह वास्तव में नवजात को बेचने की कोशिश कर रहा था।

अधिकारी के अनुसार, गिरोह को बतौर बयाना 20,000 रुपये यूपीआई के माध्यम से दिए गए थे, जबकि शेष 5.8 लाख रुपये नकद देने थे। फर्जी ग्राहक द्वारा सूचना देने के बाद, पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सौदे के लिए आए सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

फरार आरोपी की तलाश जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शंकर संभाजी मनोहर (36) के रूप में हुई है, जिसने नकद राशि ली थी। अन्य आरोपियों में रेशमा शहाबुद्दीन शेख (35), जो बच्चे को लेकर आई थी, इगतपुरी निवासी एजेंट नितिन संभाजी मनोहर (33), शेखर गणेश जाधव (35), और मुंबई के मानखुर्द निवासी एजेंट आसिफ चांद खान (27) शामिल हैं। इस अपराध में शामिल छठे आरोपी की पहचान सबीना के रूप में की गई है, जो फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

नवजात को एक विशेष देखभाल गृह में भेज दिया गया

बदलापुर (पश्चिम) थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “इस गिरोह ने नवजात को छह लाख रुपये में बेचने की साजिश रची थी। हमें संदेह है कि यह घटना शिशुओं के अपहरण और उन्हें निःसंतान दंपतियों को बेचने से जुड़ी आपराधिक साजिशों का हिस्सा हो सकती है। हम बच्चे की जैविक मां की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।” नवजात को एक विशेष देखभाल गृह में भेज दिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या अस्पतालों या नर्सिंग होम का कोई बड़ा नेटवर्क तस्करों को नवजात शिशु उपलब्ध कराने में शामिल है।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com