

Thane Kharigaon Toll Restart: माजीवाड़ा-वडपे प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद सरकार ने एक बार फिर खारीगांव टोल प्लाजा पर टोल वसूली की तैयारी की है। इस टोल प्लाजा पर लगभग 9 साल पहले टोल वसूली बंद कर दी गयी थी।
टोल वसूली की सुगबुगाहट के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने टोल वसूली के खिलाफ आक्रामक भूमिका अख्तियार की है। राकां (एसपी) के ठाणे शहर अध्यक्ष मनोज प्रधान ने ठाणेवासियों को टोल से छूट की मांग करते हुए टोल प्लाजा बंद करने की धमकी दी है।
मुंबई-नाशिक हाईवे पर माजीवाड़ा से वडपे प्रोजेक्ट का काम 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है और इस लेन का निर्माण अगले कुछ महीनों में पूरा होने की संभावना है।
इससे मुंबई-नाशिक हाईवे और समृद्धि महामार्ग के माध्यम से मुंबई की ओर यात्रा तेज व बेहतर होगी, लेकिन ड्राइवरों को टोल का खामियाजा भुगतना पड़ेगा, खारीगांव में पुराने टोल प्लाजा क्षेत्र में एक नया टोल प्लाजा बनाने का काम शुरू हो गया है। राकां (एसपी) के ठाणे शहर जिला अध्यक्ष मनोज प्रधान ने कहा कि खारीगांव टोल प्लाजा वर्ष 1998 में शुरू किया गया था।
टोल वसूली के खिलाफ कई बार विरोध प्रदर्शन हुए थे। वर्ष 2017 में यह टोल हमेशा के लिए बंद कर दिया गया था। इस वजह से ठाणे से भिवंडी, कल्याण और कल्याण, भिवंडी, नाशिक, उरण जेएनपीए जाने वाले हजारों हल्के, भारी और हैवी गाड़ी चलाने वालों को टोल से छूट मिल गई थी।
टोल वसूली बंद हुए अभी सिर्फ 9 साल हुए है, माजीवाडा-वडपे प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद एकबार फिर टोल वसूली शुरू की जाएगी। जिसका राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी कड़ा विरोध करेगी, उन्होंने कहा कि गाड़ी खरीदते समय रोड टैक्स तो लिया ही जाता है, लेकिन पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे नागरिकों पर फिर से टोल लगाकर शोषण करने की कोशिश की जा रही है।