

मीनाक्षी शिंदे पर डेढ़ करोड़ की वोल्वो कार को लेकर ACB में शिकायत।
ठेकेदार से गिफ्ट में कार मिलने के दावे की जांच की मांग।
चुनावी हलफनामे में वाहन का उल्लेख नहीं होने पर उठे सवाल।
Meenakshi Shinde Volvo Car ACB Complaint: यूबीटी के नेता प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में आरोपों से घिरीं शिवसेना (शिंदे गुट) की पूर्व महापौर मीनाक्षी शिंदे की मुश्किलें अब और बढ़ सकती हैं। उनके द्वारा इस्तेमाल की जा रही करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की वोल्वो कार को लेकर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई गई है। सामाजिक कार्यकर्ता अजय जेया ने इस संबंध में ठाणे के भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) में शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शिकायतकर्ता का दावा है कि यह महंगी कार ठाणे मनपा के एक ठेकेदार ने मीनाक्षी शिंदे को 25 अप्रैल 2025 को उपहार में दी थी। शिकायत में कांचन कंस्ट्रक्शन से जुड़े ठेकेदार प्रमोद पवार का नाम भी सामने आया है।
जेया के अनुसार, संबंधित वोल्वो कार प्रमोद पवार के नाम पर दर्ज है। उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में कुछ दस्तावेज भी जांच एजेंसी को सौंपने का दावा किया है। अजय जेया ने शिकायत में शिंदे दंपती की घोषित संपत्ति और उनके इस्तेमाल में बताई जा रही महंगी कार के बीच अंतर पर सवाल उठाया है।
उनका कहना है कि यदि चुनावी हलफनामे में शिंदे दंपती की कुल संपत्ति करीब पांच करोड़ रुपये बताई गई है, तो डेढ़ करोड़ रुपये की कार के इस्तेमाल और उसके वास्तविक स्वामित्व की जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया है कि कार की खरीद का भुगतान किसने किया, वाहन किसके कब्जे में रहा और क्या वास्तव में इसे मीनाक्षी शिंदे को उपहार के रूप में दिया गया था?
शिकायत में यह भी कहा गया है कि मनपा चुनाव के दौरान मीनाक्षी शिंदे ने अपने चुनावी हलफनामे में स्वयं के नाम पर वाहन होने के कॉलम में 'निरंक' यानी कोई वाहन नहीं होने की जानकारी दी थी।
गौरतलब है कि ठाकरे गुट के शिवसेना विभाग प्रमुख प्रदीप पूर्णेकर की हत्या की साजिश के मामले में मीनाक्षी शिंदे के खिलाफ मामला दर्ज होने की बात सामने आई है। उनके पति राजेंद्र शिंदे से पुलिस 50 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ कर चुकी है। पूर्णेकर परिवार की ओर से भी पुलिस को नए सबूत सौंपे जाने और राजेंद्र शिंदे की गिरफ्तारी की मांग की जा रही है।
अब अजय जेया की शिकायत ने इस मामले को एक नया मोड़ दे दिया है। शिकायतकर्ता ने आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने और मीनाक्षी शिंदे की नगरसेवक पद की पात्रता रद्द करने की भी मांग की है।