टेस्ट ड्राइव के दौरान बेकाबू हुई Tata Sierra, हवा में उछलकर 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरी; देखें VIDEO

Tata Sierra Accident: ठाणे के पंचपाखड़ी इलाके में टेस्ट ड्राइव के दौरान एक टाटा सिएरा एसयूवी अनियंत्रित होकर तीन वाहनों को टक्कर मारते हुए 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में 3 लोग घायल हुए हैं।
Tata Sierra falls into under-construction pit in Thane car accident Panchpakhadi video
गड्ढे में गिरी Tata Sierra कार (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Tata Sierra Accident In Thane Video: महाराष्ट्र के ठाणे (पश्चिम) स्थित पंचपाखड़ी इलाके में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक टाटा मोटर्स के शोरूम से टेस्ट ड्राइव पर निकली 'टाटा सिएरा' (Tata Sierra) एसयूवी अचानक अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मारते हुए पास ही स्थित एक निर्माणाधीन इमारत के करीब 20 फीट गहरे बेसमेंट के गड्ढे में जा गिरी।

कैसे हुआ हादसा?

मिली जानकारी के अनुसार, यह Tata Sierra कार पास ही स्थित 'हेरिटेज मोटर्स' शोरूम की थी। कार को कल्याण निवासी प्रिया कुमारी (36) चला रही थीं। उनके साथ शोरूम के दो कर्मचारी, मिथिलेश पासवान (48) और चेतन देशमुख (30) भी सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार काफी तेज गति में थी और मोड़ पर चालक ने नियंत्रण खो दिया। गड्ढे में गिरने से पहले कार ने एक ऑटो रिक्शा और दो दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में लिया, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

एयरबैग्स ने बचाई जान

हादसे के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। कार के 20 फीट गहरे गड्ढे में पलटते ही स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। ठाणे नगर निगम (TMC) के आपदा प्रबंधन सेल के प्रमुख यासीन तदवी ने बताया कि दुर्घटना के वक्त कार के एयरबैग्स समय पर खुल गए थे, जिसकी वजह से कार सवार तीनों लोगों की जान बच गई। यदि एयरबैग्स नहीं खुलते तो यह हादसा जानलेवा हो सकता था।

स्थानीय निवासियों और आपदा प्रबंधन की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को कार से बाहर निकाला। चालक प्रिया कुमारी के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, उन्हें पास के कौशल्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शोरूम कर्मचारी मिथिलेश को मामूली चोटें आई हैं, जबकि चेतन के पैर में फ्रैक्चर की खबर है।

सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार को निर्माणाधीन स्थल के गहरे गड्ढे में पलटा हुआ देखा जा सकता है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि क्या हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या यह मानवीय चूक का परिणाम था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com