Tata Sierra का नेशनल रिकॉर्ड: 12 घंटे में 29.9 kmpl माइलेज, NATRAX पर सबसे ज्यादा माइलेज

Sierra Mileage Record: टाटा सिएरा ने NATRAX में 12 घंटे की लगातार ड्राइव में 29.9 kmpl का नेशनल माइलेज रिकॉर्ड बनाया, इंडिया बुक ऑफ रेकॉर्ड्स में दर्ज। यह उपलब्धि 1.5 लीटर हाइपेरियन इंजन ने हासिल की।
Sierra Mileage Record
टाटा सिएरा (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Tata Sierra Hyperion Engine: टाटा मोटर्स की नई मिडसाइज एसयूवी टाटा सिएरा एक बार फिर सुर्खियों में है। 11.49 लाख रुपये की शुरुआती कीमत वाली इस एसयूवी ने अब इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में एक नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया है। सिएरा ने 12 घंटे की अवधि में 29.9 किलोमीटर प्रति लीटर का सबसे ज्यादा माइलेज देने का रिकॉर्ड बनाया है। यह अभूतपूर्व उपलब्धि टाटा के 1.5 लीटर हाइपेरियन पेट्रोल इंजन की दक्षता को साबित करती है।

29.9 kmpl माइलेज, 12 घंटे की ड्राइव में नेशनल रिकॉर्ड

टाटा सिएरा ने इंदौर स्थित हाई स्पीड टेस्टिंग सेंटर NATRAX में 30 नवंबर 2025 को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक लगातार ड्राइविंग करके यह रिकॉर्ड हासिल किया। इस ड्राइव में पिक्सल मोशन नामक टीम शामिल थी और ड्राइवर बदलने के लिए ही बहुत छोटे ब्रेक लिए गए।

इस दौरान टाटा सिएरा ने 29.9 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज दिया, जो देश के पिछले सभी रिकॉर्डों को तोड़ते हुए एक नया नेशनल रिकॉर्ड बन गया है। यह उपलब्धि इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में आधिकारिक तौर पर दर्ज की गई है।

टाटा मोटर्स पैसेंजर वीइकल्स के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर मोहन सावकर ने इस पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि सिएरा के लॉन्च के तुरंत बाद यह राष्ट्रीय दक्षता रिकॉर्ड बनाना पेट्रोल इंजन की क्षमता को बढ़ाने के हमारे जोर को साबित करता है। यह रिकॉर्ड ग्राहकों के लिए सिएरा की वैल्यू को और भी खास बना देता है।

हाइपेरियन इंजन की पावर और एफिशिएंसी

इस रिकॉर्ड तोड़ माइलेज के पीछे टाटा का नया 1.5 लीटर हाइपेरियन पेट्रोल इंजन है। कंपनी का दावा है कि इस इंजन को बेहतरीन माइलेज, स्मूथ ड्राइविंग, पावर और आसान ड्राइविंग के लिए विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इस इंजन में एक खास एडवांस्ड कम्बशन सिस्टम और कम घर्षण (Low Friction) वाली आर्किटेक्चर है, जो लंबे समय तक स्टेबल और कुशल ईंधन वितरण सुनिश्चित करता है। यह इंजन बेहतर टॉर्क भी देता है, जिससे गाड़ी को लगातार अच्छी परफॉर्मेंस और रिकॉर्ड-ब्रेकिंग माइलेज मिलती है। मोहन सावकर ने कहा कि हाइपेरियन इंजन को पेट्रोल पावरट्रेन की सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए विकसित किया गया है।

टॉप स्पीड में भी सिएरा लाजवाब

माइलेज के साथ-साथ परफॉर्मेंस के मामले में भी टाटा सिएरा ने अपनी काबिलियत साबित की है। अलग से किए गए एक टेस्ट में, सिएरा ने NATRAX पर 222 किलोमीटर प्रति घंटे (kmph) की टॉप स्पीड भी हासिल की। यह भी 1.5 लीटर हाइपेरियन इंजन की शक्ति का एक और प्रमाण है।

हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों को जो टाटा सिएरा बेची जाएगी, उसकी मैक्सिमम स्पीड 190 kmph तक सीमित रखी जाएगी। यह फैसला टाटा मोटर्स पैसेंजर वीइकल्स के सख्त सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। ये सभी टेस्ट विशेषज्ञ ड्राइवरों और कड़ी निगरानी में विशेष ट्रैक पर किए गए थे।