प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Attempt To Murder Case Thane : महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ भिवंडी के कामतघर इलाके में एक 35 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ नाजायज रिश्तों के शक में एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने युवक को मारने के लिए घर में इस्तेमाल होने वाले मांस काटने वाले बड़े चाकू का इस्तेमाल किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना 4 मार्च की सुबह की है। आरोपी की पहचान विजय राघो साहा (35) के रूप में हुई है। विजय को काफी समय से संदेह था कि उसकी पत्नी का नीरज सुभाष साहा (20) नामक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। नीरज और विजय दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं और पुराने परिचित भी हैं। इसी शक की आग में झुलस रहे विजय ने नीरज को रास्ते में रोककर उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले के दौरान नीरज के शरीर पर गंभीर घाव आए हैं। स्थानीय लोगों ने लहूलुहान हालत में नीरज को तुरंत पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मुंबई के एक बड़े सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया है, जहां उसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
यह भी पढ़ें:-
भिवंडी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी विजय साहा ने जिस तरह से मांस काटने वाले हथियार का इस्तेमाल किया, वह उसकी सोची-समझी साजिश का हिस्सा लग रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधिकारी ने आगे जानकारी दी कि आरोपी और पीड़ित एक-दूसरे को जानते थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने उसे निशाना बनाया। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।