Thane News: कल्याण में 4 मंजिला इमारत का स्लैब ढहा, 6 की मौत, कई के मलबे में दबे होने की आशंका
कल्याण में चांदीनगर थाना क्षेत्र के मंगलराघो नगर स्थित सप्तशृंगी नाम की चार मंजिला आवासीय इमारत की दूसरी मंजिल का स्लैब अचानक गिर गया। इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है।
- Written By: आंचल लोखंडे
कल्याण में 4 मंजिला इमारत का स्लैब ढहा। (सौजन्यः सोशल मीडिया)
ठाणे: महाराष्ट्र के कल्याण में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां चांदीनगर थाना क्षेत्र के मंगलराघो नगर में स्थित सप्तशृंगी नामक चार मंजिला आवासीय इमारत की दूसरी मंजिल का स्लैब अचानक गिर गया। यह स्लैब सीधा नीचे तक धंस गया, जिससे इमारत के निचले मंजिलों में रह रहे लोग भी चपेट में आ गए।
हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें 3 महिलाएं और डेढ़ साल की बच्ची भी शामिल हैं। 3 अन्य घायल लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। अनुमान है कि करीब 10 लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हुए हैं।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिए निर्देश
इस घटना को लेकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी निर्देश दिया है कि मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकाला जाए और इमारत में रहने वाले अन्य लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। उन्होंने दुर्घटना में मारे गए नागरिकों के परिजनों को जिला आपदा राहत कोष से सहायता प्रदान करने को कहा।
सम्बंधित ख़बरें
21 हादसों के बाद जागा प्रशासन, ठाणे मेट्रो मार्ग की जर्जर सड़कों पर शुरू हुई मरम्मत
Hingoli News: हिंगोली में दर्दनाक हादसा, कयाधू नदी में डूबने से दो युवकों की मौत
पश्चिम बंगाल: सुंदरबन के पास बड़ा हादसा, मछली पकड़ने वाली डूबी नाव से 9 मछुआरों के शव मिले; 6 अब भी लापता
MBMC की विकास योजना विवादों में घिरी, 800 करोड़ की आरक्षित जमीन बदलने पर हंगामा, डेवलपरों को लाभ देने का आरोप
बारिश से राहत कार्यों में बाधा आने की आशंका
बता दें कि घटना की सूचना जिला आपदा प्रबंधन सेल को दोपहर 3 बजे के दौरान मिली, जिसके बाद थाने की डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था। मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिससे राहत कार्यों में बाधा आने की आशंका है।
मृतकों के नाम:
प्रमिला साहू (58), नामस्वी शेलार (1.5), सुनीता साहू (37), सुजाता पाडी (32), सुशीला गुजर (78), व्यंकट चव्हाण (42)। घायलों के नाम: अरुणा रोहिदास गिरणारायन (48), शरवील श्रीकांत शेलार (4), विनायक मनोज पाधी (45), यश क्षीरसागर (13), निखिल खरात (27), श्रद्धा साहू (14)।
#WATCH | Thane, Maharashtra: Six people have died in the Shri Saptashringi building in Kalyan, after its fourth floor collapsed during renovation. pic.twitter.com/1KJhYdKtgu — ANI (@ANI) May 20, 2025
इमारत भी काफी पुरानी और खस्ताहाल
स्थानीय लोगों के अनुसार, सप्तशृंगी इमारत भी काफी पुरानी और खस्ताहाल इमारत थी और इसकी मरम्मत की सख्त जरूरत थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात कही जा रही है। यह हादसा एक बार फिर महाराष्ट्र में जर्जर और असुरक्षित इमारतों की स्थिति पर सवाल खड़े करता है। यह हालिया वर्षों में इमारत गिरने की पहली घटना नहीं है।
बता दें कि इससे पहले 27 जुलाई 2024 को नवी मुंबई के बेलापुर इलाके में एक 4 मंजिला इमारत गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई थी और 2 घायल हुए थे। तो वहीं 20 जुलाई को मुंबई के ग्रांट रोड इलाके में एमएचएडीए की एक इमारत का स्लैब और बालकनी गिरने से एक महिला की मौत हो गई और 4 अन्य घायल हो गए थे।
अवैध इमारतों की खराब हालत
एमएचएडीए ने बताया था कि निवासियों को छह महीने पहले नोटिस दिया गया था, फिर भी कई लोगों ने इमारत खाली नहीं कराया था। 2018 से 2022 के बीच महाराष्ट्र में इमारत ढहने की घटनाओं में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। इन घटनाओं के पीछे पुरानी और अवैध इमारतों की खराब हालत, घटिया निर्माण सामग्री और समय पर मरम्मत न किया जाना प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।
