

कल्याण में शायना एनसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन
शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
उद्धव गुट ने पुलिस से मामला दर्ज करने की मांग की
Shaina NC Balasaheb Thackeray Photo Controversy: शाइना एनसी द्वारा बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर कथित तौर पर फाड़े जाने के विरोध में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) आक्रामक हो गई है। इस घटना के विरोध में ठाणे जिले के कल्याण में ठाकरे गुट के उपनेता विजय साल्वी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विरोध जताते हुए शिवसेना शिंदे गुट की प्रवक्ता शायना एनसी की फोटो पर जूता मारकर उसे काला किया गया और जलाया भी गया।
शिवसेना (यूबीटी) ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब के विरोध में एकनाथ शिंदे की शिवसेना की ओर से आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शायना एनसी ने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ दी। उद्धव ठाकरे गुट के उपनेता विजय साल्वी के नेतृत्व में कल्याण पश्चिम शहर शाखा के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें कहा गया कि इस घटना से शिवसैनिकों की भावनाएं आहत हुई हैं।
इस दौरान विजय साल्वी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से शिवसैनिकों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने शायना एनसी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और मामला दर्ज करने की भी मांग की।
विजय साल्वी ने इस संबंध में संबंधित पुलिस प्रशासन को लिखित शिकायत भी सौंपी है। शिकायत में मांग की गई है कि बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर सार्वजनिक रूप से फाड़ने के मामले में उपलब्ध वीडियो और सबूतों को सुरक्षित रखा जाए, संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जाएं और भारतीय दंड संहिता 2023 की धारा 352 तथा जांच के आधार पर लागू होने वाले अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया जाए।
शिवसेना (यूबीटी) के प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाने रखने के लिए ठाणे पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। हालांकि कुछ देर बाद सभी को छोड़ दिया गया।
बता दें कि बुधवार को मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शिवसेना नेता संजय निरुपम, शाइना एनसी, आनंद दुबे समेत कई नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब फाड़ी। Belonging: A Journey of Love में सोनिया गांधी ने सावरकर की माफी का जिक्र किया है, शिवसेना का कहना है सावरकर मतलब तेज, सावरकर मतलब तपस्या। लेकिन कांग्रेस बार बार उनका अपमान कर रही है। शिंदे गुट ने किताब को महाराष्ट्र में बैन करने की मांग की।