शिवसेना UBT नेता प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में बिल्डर कनेक्शन आया सामने! एक आरोपी गिरफ्तार, CCTV से मिले सुराग

Pradeep Purnekar Murder Case: महाराष्ट्र के ठाणे में शिवसेना (UBT) नेता प्रदीप पूर्णेकर की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को पकड़ा है।
Pradeep Purnekar Murder Case
शिवसेना UBT नेता प्रदीप पूर्णेकर की हत्या वाली जगहसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Shiv Sena UBT Leader Pradeep Purnekar Murder Case: महाराष्ट्र के ठाणे में मंगलवार रात उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) के नेता प्रदीप पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बुधवार को इस हत्याकांड की जांच तेज कर दी है। एक संदिग्ध को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे से इस मामले में पूछताछ की जा रही है।

दफ्तर के बाहर किया गया जानलेवा हमला

घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदीप पूर्णेकर अपने दफ्तर के बाहर मौजूद थे, तभी हेलमेट और मास्क पहने हमलावर अचानक वहां पहुंचे। अपराधियों ने पूर्णेकर को निशाना बनाते हुए उन पर फायरिंग की, जिनमें से दो गोलियां सीधे उन्हें जा लगीं। खून से लथपथ पूर्णेकर को तुरंत घोडबंदर रोड स्थित नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

प्रदीप पूर्णेकर कौन हैं?

प्रदीप पूर्णेकर उद्धव ठाकरे गुट के ठाणे विभाग प्रमुख थे। उन्हें बालू के नाम से भी जाना जाता था। प्रदीप पूर्व सांसद राजन विचारे के बहुत करीबी सहयोगी माने जाते थे। पिछले साल हुए ठाणे नगर निगम के चुनाव में पूर्णेकर की पत्नी विजेता पूर्णेकर ने चुनाव लड़ा था। उनके भाई और ठाणे नगर निगम के पूर्व पार्षद जयनाथ पूर्णेकर ने भी चुनाव लड़ा था।

सीसीटीवी से मिले अहम सुराग, एक आरोपी गिरफ्तार

प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस की टीम ने वारदात वाली जगह और आसपास की सड़कों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। सीसीटीवी से मिले ठोस सबूतों के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। इनमें से एक संदिग्ध फायरिंग के वक्त घटनास्थल पर मौजूद रहकर साजिश रचने का आरोपी है, जबकि दूसरे ने हमलावरों को भागने के लिए वाहन मुहैया कराया था। पुलिस ने एक आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे से कड़ाई से पूछताछ जारी है।

ठाणे पुलिस हमले में शामिल संभावित अन्य लोगों की भी तलाश कर रहे हैं और घटनाओं के क्रम का पता लगाने और संदिग्धों की गतिविधियों को ट्रैक करने के लिए इलाके और आसपास की सड़कों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं।

डीसीपी प्रशांत कदम ने बताया कि प्रदीप पूर्णेकर के शव को बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध होगी।

Pradeep Purnekar Murder Case
ऐतिहासिक खिलाफत हाउस पर वारिस पठान ने जड़ा ताला, रीडेवलपमेंट पर AIMIM-खिलाफत कमेटी और वक्फ बोर्ड में ठनी

प्रदीप पूर्णेकर की हत्या पर क्या बोली शिवसेना यूबीटी?

प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में प्रतिक्रिया देते हुए, शिवसेना (यूबीटी) के प्रवक्ता आनंद दुबे ने महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र का क्या हाल हो गया है? इतने सारे अपराधी, माफिया और हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं कि मैं आपको बता भी नहीं सकता। चाहे पुणे हो, नागपुर हो, नासिक हो, मुंबई हो और अब ठाणे।

आनंद दुबे ने कहा कि मंगलवार की देर रात हमारी पार्टी, शिवसेना (यूबीटी) के एक वरिष्ठ नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रिपोर्टों में कहा गया है कि हमलावरों ने हेलमेट और मास्क पहन रखे थे। पुलिस घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान करने और यह पता लगाने के लिए कि आरोपी घटनास्थल से कैसे भागे, कई कैमरों के फुटेज और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।

Pradeep Purnekar Murder Case
महाराष्ट्र SIR में बदला नियम: नोटिस पाने वालों को अब दफ्तर बुलाने की जरूरत नहीं, BLO घर जाकर लेंगे दस्तावेज

बिल्डर विवाद और विरोध प्रदर्शन से जुड़े तार

इस हत्या ने एक स्थानीय बिल्डर के खिलाफ प्रस्तावित आंदोलन से संभावित संबंध के बारे में भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खबरों के मुताबिक, पूर्णेकर ने स्थानीय बिल्डर की कथित अनियमितताओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने की योजना की घोषणा की थी और प्रदर्शन के लिए कपूरबावड़ी पुलिस से अनुमति मांगी थी। हालांकि, पुलिस ने प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन या बिल्डर के साथ विवाद और हत्या के बीच किसी भी संबंध की पुष्टि नहीं की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com