

Sant Nirankari Mission 79th Annual: संत निरंकारी मिशन का 79वां सालाना संत समागम 23 से 26 अक्टूबर 2026 तक समालखा स्थित संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। समागम में प्रेम, सेवा, सद्भाव, मेलजोल और मानव एकता का संदेश दिया जाएगा।
सद्गुरु माता सुदीक्षाजी महाराज और निरंकारी राजपिता रमितजी के सान्निध्य में होने वाले इस संत समागम का उद्देश्य इंसानियत को एकता, आपसी मेलजोल और ईश्वर की भक्ति के सूत्र में जोड़ना है। समागम की जानकारी मिलने के बाद ठाणे जिले के श्रद्धालुओं में उत्साह और आध्यात्मिक उमंग का माहौल है।
समागम की तैयारियां श्रद्धा, निष्ठा, समर्पण और निस्वार्थ सेवा की भावना के साथ तेजी से चल रही हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। कोई निर्माण कार्य में सहयोग कर रहा है तो कोई टेंट लगाने और सजावट की जिम्मेदारी संभाल रहा है।
आयोजन स्थल पर सफाई व्यवस्था, पानी की आपूर्ति और भोजन की तैयारियों को सुचारू बनाने के लिए भी श्रद्धालु लगातार काम कर रहे हैं। विभिन्न व्यवस्थाओं में स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी समागम के प्रति उनकी सेवा भावना को दर्शा रही है।
वार्षिक संत समागम की भव्यता को दर्शाने वाला मुख्य प्रवेश द्वार भी तैयार किया जा रहा है। इसे श्रद्धालुओं के स्वागत के साथ-साथ प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिक एकता की ओर बढ़ते कदमों के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
चार दिवसीय समागम में श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक विचारों के साथ मानवता की सेवा, आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश मिलेगा। आयोजकों के अनुसार, समागम का मूल भाव हर कदम को इंसानियत की भलाई और हर भावना को समर्पण की दिशा में आगे बढ़ाना है।