इंस्टाग्राम पर ‘हनीट्रैप’: लड़की बनकर छात्र को फंसाया, कल्याण में किया अगवा; ₹20 लाख की मांगी फिरौती
Navi Mumbai Kidnapping: नवी मुंबई के किशोर को इंस्टाग्राम पर लड़की बनकर फंसाया, फिर फिरौती के लिए किया अगवा। पुलिस ने कल्याण से सुरक्षित छुड़ाया, 4 गिरफ्तार।
- Written By: प्रिया जैस
हनीट्रैप मामला (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Kalyan Crime News: फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए 15 वर्षीय एक लड़के को बहला-फुसलाकर चार युवकों ने फिरौती के लिए अगवा कर लिया लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मुक्त करा लिया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम पर दसवीं कक्षा के इस छात्र के सामने खुद को युवती बताकर एक आरोपी ने उससे दोस्ती की।
आगे चलकर, उसने लड़के के साथ भावनात्मक संबंध स्थापित करते हुए उसे एक रोमांटिक रिश्ते का आभास कराया और उसका पूरा विश्वास जीत लिया। पुलिस का कहना था कि एक दिन आरोपी ने लड़के को ठाणे जिले के कल्याण (पूर्व) के नंदिवली में मिलने के लिए बुलाया। तब लड़का ऐप आधारित ‘कैब’ से उस स्थान पर पहुंचा।
आरोपियों ने मांगी फिरौती
पुलिस के मुताबिक लेकिन वहां चार युवकों ने उसका अपहरण कर लिया और उसे एक रिहायशी इमारत के एक कमरे में कैद कर लिया। आरोपियों ने लड़के के रिश्तेदारों से संपर्क किया और 20 लाख रुपये की फिरौती की मांग की। उन्होंने अपनी मांग को लेकर लड़के के रिश्तेदारों को व्हाट्सएप पर एक ‘वॉयस मैसेज’ भेजा।
सम्बंधित ख़बरें
मोहाडी में जल संकट को लेकर अनशन शुरू, करोड़ों खर्च के बावजूद कई वार्डों में पानी नहीं
तुमसर बाजार समिति में कामगारों का आंदोलन तेज, चरण वाघमारे पहुंचे समर्थन में, समाधान का आश्वासन
भंडारा में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान, लाखनी तहसील के 15 गांवों में फसलें प्रभावित
गोसीखुर्द विस्थापितों से मिलीं मेधा पाटकर, पुनर्वास और मुआवजे के मुद्दे पर फिर उठी आवाज
यह भी पढ़ें – पुणे बम धमाकों के आरोपी बंटी जहागीरदार की दिनदहाड़े हत्या, कब्रिस्तान से लौट रहा था घर
4 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि 28 दिसंबर को किशोर के माता-पिता से शिकायत मिलने के बाद उसने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सहयोग से उस वाहन का पता लगाया जिसने लड़के को उस स्थान पर छोड़ा था। अधिकारी ने बताया कि और जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने नंदिवली में एक कमरे पर छापा मारा तथा लड़के को मुक्त कराया।
पुलिस ने शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक चारों आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार जायसवाल (24), विशाल पासी (19), चंदन मौर्य (19) और सत्यम यादव (19) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत अपहरण और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया है और अदालत ने उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
