Navi Mumbai: दिवाली भीड़ के बीच सुरक्षा चाक-चौबंद, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

Navi Mumbai Police ने दिवाली पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं। बाजारों में गश्त, महिलाओं की सुरक्षा के लिए निर्भया दस्ते तैनात किए गए थे। लालटेन उड़ाने व तेज आवाज़ वाले पटाखों पर रोक लगाई गई है।
MUMBAI POLICE
मुंबई पुलिस (pic credit; social media)
Published on
Updated on

Navi Mumbai News In Hindi: दिवाली के अवसर पर अपराध पर अंकुश लगाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने कई कदम उठाए हैं। दिवाली के त्योहार के दौरान खरीदारी के लिए बड़े पैमाने पर नागरिक बाजारों और मॉल में आते हैं।

इसलिए इस दौरान सेंधमारी, पर्स छीनना, सोने की चेन स्नेचिंग और साइबर धोखाधड़ी जैसे अपराधों में वृद्धि होने की संभावना है। इस संदर्भ में नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने नागरिकों को सुरक्षा के लिए सभी पुलिस स्टेशनों को सतर्क होकर काम करने का आदेश दिया है।

साथ ही उन्होंने दिवाली के दौरान विशेष सुरक्षा उपाय लागू करने की सलाह भी दी है। पुलिस ने सोने की चेन स्नेचिंग, छेड़छाड़ और ईव टीजिंग जैसे अपराधों को रोकने के लिए विशेष टीमें बनाई हैं। त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों, बैंकों, एटीएम केंद्रों और सोसाइटियों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी।

अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भी तैनात किए जाएंगे। इसी तरह, महिलाओं की सुरक्षा के लिए निर्भया दस्ते और बीट मार्शल तैनात किए गए हैं। वहीं भीड़-भाड़ वाली जगहों पर महिलाओं को मदद और तत्काल प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। रात्रि गश्त के लिए प्रत्येक प्रभाग में अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

बाजारों में यातायात सुचारू रखने पर दिया जा रहा ध्यान

  • दिवाली के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर नागरिकों की भारी भीड़ होती है। इस कारण जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इस दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए यातायात पुलिस द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
  • इसी प्रकार यातायात नियोजन के लिए महिला कर्मचारियों को भी तैनात किया जाएगा, नवी मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष ने सीसीटीवी पुलिस नेटवर्क के माध्यम से प्रमुख चौराहों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष ध्यान देने का आदेश दिया है।
  • आकाश में उडाए जाने वाले लालर्टनों से आग लगने का खतरा होता है और बदमाशों द्वारा उनका दुरुपयोग किए जाने की संभावना होती है, इसलिए पुलिस ने सुरक्षा के उपाय के रूप में दिवाली के दौरान आकाश में लालटेन उड़ाने और उनकी बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है।

नवी मुंबई पुलिस आयुक्त मिलिंद भारंबे ने कहा है कि नागरिकों को दिवाली मनाते समय सावधानी बरतनी चाहिए। बड़ी मात्रा में बाहर जाने से बचें। आकाश दीपक और पटाखे जलाते समय सुरक्षा नियमों का पालन करें, बाहर जाते समय दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें, समाज में शांति, सद्भाव और सुरक्षा बनाए रखते हुए दिवाली मनाएं, यदि आपको कोई संदिग्ध व्यक्ति या पस्तु दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।

नियमों को तोड़ने वालों पर कार्रवाई

पुलिस ने दिवाली मनाते समय ध्वनि सोमा का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी चेतावनी दी है। रात 10 बजे के बाद तेज आवाज वाले पटाखे फोड़ने पर रोक लगा दी गई है। दिवाली की खरीदारी के दौरान ऑनलाइन धोखाधड़ी बढ़ जाती है, इसलिए नागरिकों को फर्जी ऑफर, ऑनलाइन उपहार कूपन, धोखाधड़ी वाले कॉल या बैंक अपडेट संबंधी संदेशों पर विश्वास नहीं करना चाहिए। इसके लिए पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com