

Kalyan Janta Darbar: शिवसेना संसदीय दल के नेता और कल्याण लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने अपने संसदीय क्षेत्र के नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए जनता दरबार का आयोजन किया।
“खासदार आपल्या भेटिला जनता दरबार” इस पहल के तहत रविवार को सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने डोंबिवली और उल्हासनगर के नागरिकों से मुलाकात की। लोगों की समस्याओं को सीधे जानने और उनके समाधान के लिए त्वरित कदम उठाने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस उपक्रम को नागरिकों का भारी प्रतिसाद मिला।
डोंबिवली और उल्हासनगर में सांसद डॉ. शिंदे के जनसंपर्क कार्यालयों में आयोजित इस जनता दरबार में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। नागरिकों ने महानगरपालिका और अन्य सरकारी कार्यालयों से जुड़ी समस्याओं को लेकर सांसद को ज्ञापन सौंपे।
सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने में कोई कठिनाई न हो, इसके लिए यह मंच उपलब्ध कराया गया है।
इस पहल के माध्यम से प्रशासन भी इन मुद्दों पर त्वरित निर्णय लेकर नागरिकों को राहत दे सकेगा। “खासदार आपल्या भेटिला जनता दरबार” उपक्रम से आम जनता, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच सकारात्मक समन्वय स्थापित होगा। इस जनता दरबार में हर्षाली चौधरी, राजेश मोरे, अश्विनी निकम, पप्पू कलानी सहित पार्षद अरुण आशान, राजेंद्र चौधरी तथा कई स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।