MMRDA के बजट से बढ़ेगी मेट्रो-5 की रफ्तार, 4897 करोड़ रुपये से बदलेगी कल्याण के ट्रांसपोर्ट की तस्वीर
MMRDA Budget 2026: MMRDA के बजट में कल्याण-ठाणे बेल्ट के लिए 4897 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। मेट्रो लाइन 5, 12 और रिंग रोड परियोजनाओं से क्षेत्र में कनेक्टिविटी और रियल एस्टेट को रफ्तार मिलेगी।
- Written By: आकाश मसने
मेट्रो (सोर्स: सोशल मीडिया)
MMRDA Budget 2026-27 Allocation: मुंबई महानगर क्षेत्र के तेजी से फैलते शहरी नक्शे में कल्याण अब एक निर्णायक मोड़ पर खड़ा है। मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) के वर्ष 2026-27 के बजट में 4897.19 करोड़ रुपये का बड़ा प्रावधान कर ठाणे-भिवंडी-कल्याण कॉरिडोर सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति देने का रास्ता साफ किया गया है।
माना जा रहा है कि यह निवेश आने वाले वर्षों में ठाणे जिले के कल्याण और आसपास के शहरों की यातायात व्यवस्था की सूरत बदल देगा। सबसे अधिक फोकस मुंबई मेट्रो लाइन 5 पर है, जिसके लिए 1,309.30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह कॉरिडोर ठाणे-भिवंडी-कल्याण को जोड़ते हुए पूर्वी उपनगरों और सेंट्रल रेलवे पर पड़ने वाले दबाव को कम करने में अहम भूमिका निभाएगा।
इसके साथ ही मेट्रो-5ए एक्सटेंशन (दुर्गाड़ी से उल्हासनगर) के लिए 183.35 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे लाइन का दायरा और विस्तृत होगा। कल्याण-तलोजा को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 12 के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
Pre Monsoon Rain Alert Pune: महाराष्ट्र में बदला मौसम का मिजाज, पुणे समेत कई जिलों में तेज बारिश और तूफान
Mahayuti Alliance Dispute: महायुति में बढ़ी अंदरूनी तकरार, हसन मुश्रिफ ने संजय शिरसाट पर जताई नाराजगी
मेट्रो आई, टैक्सी भी दौड़ी…अब रिक्शा यूनियनों में बढ़ी बेचैनी! काशीगांव मेट्रो स्टेशन पर भीड़ से ट्रैफिक जाम
उल्हासनगर मनपा में शिवसेना पार्षद विक्की लबाना का नगरसेवक पद रद्द , जाति प्रमाण पत्र अमान्य साबित
सांसद श्रीकांत शिंदे ने बजट को बताया ‘गेम चेंजर’
कल्याण लोकसभा के सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे ने इस बजटीय प्रावधान को क्षेत्र के लिए ‘गेम चेंजर’ बताते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ती जनसंख्या, औद्योगिक विस्तार और यातायात दबाव को देखते हुए दीर्घकालिक समाधान जरूरी थे। उन्होंने राज्य सरकार और एमएमआरडीए के समन्वय से निधि उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और प्राधिकरण का आभार व्यक्त किया।
किस परियोजना को मिली कितनी निधि?
| क्र. | परियोजना | स्वीकृत निधि (करोड़ रुपये में) |
|---|---|---|
| 1 | कल्याण रिंग रोड | 600 करोड़ |
| 2 | ठाणे-भिवंडी-कल्याण मेट्रो (मेट्रो-5) | 1309.30 करोड़ |
| 3 | मेट्रो-5ए (दुर्गाडी-उल्हासनगर एक्सटेंशन) | 183.35 करोड़ |
| 4 | मेट्रो-12 (कल्याण-तलीजा) | 154.54 करोड़ |
| 5 | मेट्रो-14 (कांजुरमार्ग-बदलापुर) | 500 करोड़ |
| 6 | कल्याण-शिलफाटा जंक्शन से भिवंडी फ्लाईओवर | 150 करोड़ |
| 7 | विठ्ठलवाडी-कल्याण अहिल्यानगर एलिवेटेड रोड | 200 करोड़ |
| 8 | एरोली-काटई फ्रीवे (फेज-3) | 900 करोड़ |
मेट्रो नेटवर्क विस्तार से मिलेगा फायदा
आइडियल कॉलेज कल्याण के सह सचिव विजय उपाध्याय ने कहा कि अब तक कल्याण मुख्यतः मुंबई आने-जाने वाले यात्रियों का शहर माना जाता था। मेट्रो नेटवर्क विस्तार के बाद यह बहु-आयामी कनेक्टिविटी वाला शहर बन सकता है। मेट्रो कॉरिडोर के आसपास आवासीय और वाणिज्यिक परियोजनाओं में तेजी आने की संभावना है। इससे नियोजित विकास को बढ़ाया मिलेगा, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी।
मां सावित्री ज्योतिष अनुसंधान केंद्र के संस्थापक ज्योतिर्विद डॉ बालकृष्ण मिश्र ने बताया कि मेट्रो नेटवर्क के विस्तार से यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, सड़क ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा, तेज, सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन से नागरिकों का दैनिक जीवन आसान होगा, औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को तेज, भरोसेमंद कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ें:- अजित पवार विमान हादसा: रोहित पवार का सनसनीखेज दावा, ‘नशेड़ी’ पायलट और ईंधन के खेल से हुआ बड़ा धमाका?
उद्योगपति डॉ. विजय नारायण पंडित ने कहा कि रिंगरोड और एलिवेटेड रोड परियोजनाएं शहर के अंदरूनी यातायात दबाव को कम करेंगी, जिससे यात्रा समय और ईंधन खपत घटेगी, यह बजट कल्याण को केवल एक उपनगर नहीं, बल्कि एक उभरते शहरी केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम साबित होगा, आने वाले वर्षों में आधुनिक, सुरक्षित और तेज परिवहन सुविधाओं के साथ कल्याण की पहचान नई ऊंचाई छू सकती है।
कनेक्टिविटी में सुधार होने की उम्मीद
इन लाइनों के शुरू होने से कल्याण-डोंबिवली, अंबरनाथ और उल्हासनगर के बड़े रेसिडेंशियल और इंडस्ट्रियल हब सीधे मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे। सिर्फ मेट्रो ही नहीं, सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाओं को भी बजट में मजबूती मिली है। कल्याण रिंगरोड के लिए 600 करोड़, कल्याण-शिलफाटा जंक्शन से भिवंडी फ्लाईओवर के लिए 150 करोड़, विठ्ठलवाड़ी से कल्याण अहिल्यानगर एलिवेटेड रोड के लिए 200 करोड़ और ऐरोली-काटई फ्रीवे (फेज-3) के लिए 900 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इन परियोजनाओं से इंट्रा-सिटी और इंटर-सिटी कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद है।
