मीरारोड में कुर्बानी के बकरों को लेकर मचा बवाल, CM फडणवीस के हस्तक्षेप के बाद हुई कार्रवाई

Bakra Eid Security News: मीरारोड के पूनम क्लस्टर-1 में कुर्बानी के बकरों को लेकर विवाद गहरा गया, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मुख्यमंत्री फडणवीस के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
mira road bakra controversy police action
Bakra Eid security (सोर्सः फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mira Road Controversy News: मीरारोड पूर्व स्थित पूनम क्लस्टर-1 सोसाइटी में कथित रूप से रखी गई 40 से 50 कुर्बानी की बकरियों को लेकर विवाद गहरा गया है। मामले ने अब सांप्रदायिक तनाव का रूप ले लिया है। भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की ।विधायक मेहता का आरोप है कि पूनम क्लस्टर-1 एक आवासीय इमारत है, जहां लगभग 80 प्रतिशत हिंदू और 20 प्रतिशत मुस्लिम परिवार रहते हैं। आरोप है कि परिसर में अवैध रूप से शेड बनाकर बड़ी संख्या में बकरियां रखी गई हैं, जिससे लगातार शोर और दुर्गंध फैल रही है। इससे सोसाइटी के रहवासी परेशान हैं।

मुख्यमंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

विधायक मेहता ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पूनम क्लस्टर-1 परिसर में मौजूद कथित बकरियों को हटाकर क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बहाल की जाए। मुख्यमंत्री फडणवीस ने मनपा आयुक्त को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए । इसके बाद इमारत परिसर में बने अवैध शेड पर कारवाई कर वहां से सभी बकरों को अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया है।

दो दिनों से तनाव, झड़प की स्थिति

बता दें कि पिछले दो दिनों से इस मुद्दे को लेकर हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच विवाद और झड़प जैसी स्थिति बनी हुई थी। विधायक मेहता ने इसे कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्त निकेत कौशिक और मनपा आयुक्त राधाविनोद शर्मा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की थी।

बजरंग दल और मुस्लिम युवकों में हाथापाई

सोमवार देर रात परिसर से बकरियों को हटाने के मुद्दे पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं और मुस्लिम युवकों के बीच हाथापाई हुई। आरोप है कि इस दौरान बजरंग दल के दो कार्यकर्ताओं पर ब्लेड से हमला किया गया। मामले में काशीमीरा पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने बताया कि इस प्रकरण में अबुल रहीम शेख (44) को हिरासत में लिया गया है। मंगलवार की सुबह से पूनम क्लस्टर-1 के मुख्य गेट पर भाजपा नगरसेवक नवीन सिंह, बजरंग दल और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन शुरू किया था ।प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि अवैध शेड और बकरों को हटाया जाए तथा हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। हालांकि इमारत परिसर से बकरों को हटाए जाने के बाद परिसर में शांति बहाल हो गई है।

मीरारोड के पूनम क्लस्टर-1 में कुर्बानी के बकरों को लेकर विवाद गहरा गया

तब स्थिति हो गई थी तनावपूर्ण

मंगलवार को स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई थी जब बकरों को इमारत परिसर से हटाते नहीं देख बजरंगदल के कार्यकर्ताओं ने वहां सूअर लाकर छोड़ने का प्रयास किया, हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें वहां से खदेड़ दिया और सुअर को अपने कब्जे में ले लिया। बजरंग दल के रूपेश दुबे ने आरोप लगाया कि पुलिस बकरो को हटा नहीं रही और हम वाराह देव कि पूजा यहां करना चाहते तो हम पर लाठियां बरसाई जा रही।

बकरीद से पहले हाई अलर्ट , सुरक्षा बढ़ाई गई

आगामी बकरीद को देखते हुए मीरा-भाईंदर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार के धार्मिक विवाद को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

जेपी इंफ्रा में फ्लैग मार्च

मीरा रोड पूर्व स्थित काशीगांव पुलिस स्टेशन क्षेत्र के जेपी इंफ्रा हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पिछले वर्षों में बकरीद के दौरान कुर्बानी के लिए जानवर लाने को लेकर जेपी इंफ्रा और आसपास के क्षेत्रों में तनाव की स्थिति बनी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए इस बार पुलिस ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। परिसर में आने वाले हर वाहन की सघन जांच की जा रही है और सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।

100 से ज्यादा लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

पुलिस उपायुक्त राहुल चव्हाण ने बताया कि गंभीर अपराधों में शामिल 100 से अधिक लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। वहीं एक आरोपी को शहर से तड़ीपार भी किया गया है।

550 पुलिसकर्मी तैनात

बकरीद के शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरे शहर में 550 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इनमें 80 पुलिस अधिकारी, 470 पुलिस कर्मचारी और महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवान शामिल हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com