मीरा-भाईंदर की शांति से खिलवाड़ नहीं! चुनाव में माहौल बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई: प्रताप सरनाईक

Pratap Sarnaik Warning: मीरा-भाईंदर मनपा चुनाव के मद्देनज़र मंत्री प्रताप सरनाईक ने चुनाव में माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है।
Pratap Sarnaik
Pratap Sarnaik Warning :मीरा-भाईंदर मनपा चुनाव (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mira Bhayandar Election News: मीरा-भाईंदर महानगरपालिका चुनाव के मद्देनज़र शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन को सख्त चेतावनी दी गई है। महाराष्ट्र राज्य के परिवहन मंत्री एवं धाराशिव जिले के पालक मंत्री प्रताप सरनाईक ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि चुनाव के दौरान धार्मिक, सांप्रदायिक या सामाजिक तनाव फैलाने की कोशिश करने वाले बदमाशों, आपराधिक प्रवृत्ति के नेताओं और उनके गिरोहों के खिलाफ बिना किसी देरी के कठोर कार्रवाई की जाए।इस संबंध में मंत्री सरनाईक ने मनपा आयुक्त और पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर विशेष निर्देश जारी किए हैं।

“मिनी इंडिया” की पहचान से समझौता नहीं

मंत्री सरनाईक ने कहा कि मीरा-भाईंदर को ‘मिनी इंडिया’ कहा जाता है, जहां विभिन्न धर्मों, भाषाओं और समुदायों के लोग आपसी सौहार्द के साथ रहते हैं। कुछ असामाजिक तत्व चुनाव का लाभ उठाकर शहर का माहौल बिगाड़ने की साजिश कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन ऐसी किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देगा।

असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर

उन्होंने निर्देश दिए कि पुराने आपराधिक रिकॉर्ड वाले व्यक्तियों की सूची की गहन जांच की जाए और जो जानबूझकर धार्मिक, जातिगत या भाषाई विवाद भड़काने का प्रयास करते हैं, उनके खिलाफ तुरंत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर शिकंजा

मंत्री सरनाईक ने कहा कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया के जरिए अफवाहें फैलाकर समाज में फूट डालने की कोशिश की जाती है। ऐसे में साइबर सेल को संदिग्ध अकाउंट्स पर कड़ी नजर रखने और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

मतदान के दिन कड़ा बंदोबस्त

15 जनवरी, गुरुवार को मतदान के दिन किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने संवेदनशील व धार्मिक स्थलों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा तैनात करने, सभी सीसीटीवी कैमरे पूरी क्षमता से चालू रखने, जैसे सख्त इंतज़ाम करने के आदेश दिए गए हैं। मंत्री प्रताप सरनाईक ने दोहराया कि मीरा-भाईंदर की सामाजिक एकता और पहचान को नुकसान पहुंचाने की किसी को भी अनुमति नहीं दी जाएगी। चुनाव के दौरान शांति भंग करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई तय है।

नागरिकों से अपील

मंत्री सरनाईक ने शहर के जागरूक नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने, शांति बनाए रखने और निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की, ताकि लोकतंत्र का यह पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।