

Thane Fake CBI Officer Arrested: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से जालसाजी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है जो खुद को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) का बड़ा अधिकारी बताकर लोगों को चूना लगा रहा था। आरोपी की पहचान 36 वर्षीय राजू अशोक पाटेकर के रूप में हुई है। वह न केवल खुद को सीबीआई अफसर बताता था, बल्कि लोगों को केंद्रीय एजेंसी में पक्की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे मोटी रकम भी वसूलता था।
विट्ठलवाड़ी पुलिस थाने के अधिकारियों ने बताया कि पाटेकर बेहद शातिर तरीके से अपनी पहचान छिपाता था। वह अक्सर पुलिस की वर्दी पहनता था, जिस पर आधिकारिक दिखने वाला एक बैज लगा होता था। लोगों का विश्वास जीतने के लिए वह अपने पास वॉकी-टॉकी और एक एयर गन भी रखता था। उसके इस गेटअप को देखकर आम जनता आसानी से उसके झांसे में आ जाती थी। वह खुद को केंद्र सरकार का प्रभावशाली अधिकारी बताकर बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाता था।
ठाणे पुलिस ने शनिवार शाम को उल्हासनगर इलाके में जाल बिछाकर पाटेकर को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से जो बरामदगी हुई, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोपी के पास से कुल 7.14 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया है। जिनमें 50,000 रुपये नकद, एक एयर गन, छह वॉकी-टॉकी, पहचान से संबंधित कई फर्जी वस्तुएं, सिम कार्ड और सरकारी एजेंसियों से कथित तौर पर जुड़े दस्तावेज शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने केवल जनता को ही नहीं, बल्कि सरकारी पहचान का गलत इस्तेमाल कर सरकार को भी धोखा दिया है। उसने कई लोगों से सीबीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ऐंठे हैं। वर्तमान में पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और क्या इस गिरोह में कुछ और लोग भी शामिल हैं। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।