ठाणे में 8,444 किसानों की कर्जमाफी e-KYC सफल! शेष 2,518 किसानों को अब क्या करना होगा? जानें पूरी प्रक्रिया

Thane Farmer Loan Waiver eKYC: ठाणे में किसान कर्जमाफी योजना के तहत 8,444 किसानों का e-KYC पूरा हो चुका है। जानिए शेष 2,518 पात्र किसानों को कर्जमाफी का लाभ उठाने के लिए कैसे आधार e- KYC कराना होगा।
maharashtra kisan karjmafi yojana ekyc process for remaining farmers
e- KYC करते हुए किसान की सांकेतिक फोटो (सोर्स: इमेजबाजार)
Updated on

Maharashtra Kisan Karjmafi Yojana: राज्य सरकार की पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमाफी योजना-2026 के तहत ठाणे जिले में पात्र किसानों को अधिकतम 2 लाख रुपये तक की कर्जमुक्ती देने की प्रक्रिया तेजी से शुरू हो गई है।जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने बताया कि योजना का लाभ तुरंत मिले इसके लिए आधार प्रमाणीकरण यानी e-KYC की प्रक्रिया तेज की गई है।

31 जुलाई 2026 तक प्राप्त पहली सूची में जिले के 10,962 पात्र खातेदार किसान शामिल हैं। इनमें से 8,444 किसानों का आधार प्रमाणीकरण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। शेष 2,518 किसानों से जिलाधिकारी ने अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना आधार प्रमाणीकरण करा लें।

कितने किसानों का डेटा अपलोड

इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए ठाणे जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के माध्यम से 16,836 और राष्ट्रीयकृत बैंकों के माध्यम से 1,232 यानी कुल 18,068 किसान खातेदारों की जानकारी शासन के पोर्टल पर अपलोड की गई थी। पहली सूची में जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के 10,525 और राष्ट्रीयकृत बैंकों के 437 किसान शामिल हैं। डॉ. पांचाल ने सभी व्यापारिक, राष्ट्रीयकृत बैंकों और जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को शेष खातों का आधार प्रमाणीकरण तुरंत पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

कहां और कैसे कराएं e-KYC

आधार प्रमाणीकरण का काम सभी आपले सरकार और महा-ई-सेवा केंद्रों पर चल रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इसके लिए किसानों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिन किसानों ने अभी अग्रीस्टॅक पंजीकरण नहीं किया है, उन्हें तुरंत कराने की सलाह दी गई है। किसी प्रकार की दिक्कत होने पर किसान जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी, तालुका कृषि अधिकारी, सेवा सहकारी सोसायटी के गटसचिव या बैंक निरीक्षक से संपर्क कर सकते हैं।

maharashtra kisan karjmafi yojana ekyc process for remaining farmers
ठाणे रिंग मेट्रो को लेकर महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, कलवा-मुंब्रा-दिवा तक विस्तार को मिली हरी झंडी

दूसरी सूची 15 अगस्त के बाद

पात्र किसानों की सूची संबंधित बैंक शाखा, सेवा सहकारी संस्था, ग्रामपंचायत और पटवारी कार्यालय में उपलब्ध कराई गई है। दूसरी सूची 15 अगस्त के बाद जारी की जाएगी। आधार प्रमाणीकरण पूरा होते ही बकाया कर्ज की राशि सीधे खाते में जमा होगी, जिससे किसानों को खरीप हंगाम के लिए नई फसल का कर्ज भी मिल सकेगा।

- नवभारत लाइव के लिए ठाणे से सूर्यप्रकाश मिश्रा की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com