महाराष्ट्र का सबसे बड़ा स्कैम: 11000 लोगों से ठगे 500 करोड़, मास्टरमाइंड दंपति गुजरात से अरेस्ट

Trade With Jazz Scam: महाराष्ट्र में 11,000 से ज्यादा निवेशकों से 500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले ‘ट्रेड विद जैज’ कंपनी के संचालक दंपति और उनके सहयोगी को ठाणे EOW ने गुजरात से गिरफ्तार किया है।
mumbai-investment-scam-eow-arrest-125-crore-fraud-case
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra Investment Fraud: महाराष्ट्र में निवेश के नाम पर एक बहुत बड़े वित्तीय घोटाले का खुलासा हुआ है। ठाणे पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने एक ऐसी धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया है, जिसमें आम जनता ही नहीं, बल्कि कानून के रखवाले भी शिकार बन गए। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समीर नार्वेकर, उसकी पत्नी नेहा और उनके करीबी सहयोगी अमित पलाव को गुजरात से गिरफ्तार किया है।

1500 पुलिसकर्मी भी बने शिकार

जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने साल 2019 में पुणे में 'ट्रेड विद जैज' (Trade With Jazz) नाम से एक निवेश कंपनी शुरू की थी। इस कंपनी ने लुभावनी योजनाओं के जरिए लोगों को निवेश के लिए प्रेरित किया। चौंकाने वाली बात यह है कि ठगी का शिकार होने वाले 11,000 से अधिक निवेशकों में लगभग 1,500 महाराष्ट्र पुलिस के कर्मचारी और अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा कई रिटायर्ड नौकरशाहों ने भी अपनी मेहनत की कमाई इस स्कीम में गंवा दी है।

कैसे दिया ठगी को अंजाम?

शुरुआत में कंपनी ने निवेशकों को अच्छा रिटर्न देने का भरोसा जीता। जब भारी मात्रा में फंड जमा हो गया, तो आरोपियों ने अचानक अपने पुणे स्थित मुख्यालय और अन्य दफ्तरों पर ताला जड़ दिया। निवेशकों ने जब संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्हें कोई जवाब नहीं मिला। शिकायतों की बाढ़ आने के बाद ठाणे EOW ने जांच शुरू की और तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों का पीछा करते हुए उन्हें गुजरात में लोकेट किया।

कड़ी धाराओं में केस दर्ज

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, यह घोटाला 500 करोड़ रुपए से अधिक का है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 61(2), 316(5) और महाराष्ट्र जमाकर्ता हित संरक्षण अधिनियम (MPID) की कड़ा धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

EOW के अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में आरोपियों के बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और मनी ट्रेल (पैसों के लेनदेन) की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस को शक है कि इस रैकेट में कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी गिरफ्तारी जल्द संभव है।