महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Ulhasnagar Illegal Human Egg Selling: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मानवता को शर्मसार करने वाले एक बड़े ‘अंडाणु दान गिरोह’ (Egg Donation Racket) का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस द्वारा हाल ही में किए गए भंडाफोड़ के बाद यह साफ हुआ है कि गरीब महिलाओं की मजबूरी का फायदा उठाकर उनके स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह अवैध कारोबार बदलापुर पूर्व के जोवेली इलाके में एक रिहायशी इमारत और एक सोनोग्राफी केंद्र से संचालित किया जा रहा था। इस गिरोह के सदस्य गरीब महिलाओं को 25,000 से 30,000 रुपये का लालच देकर उन्हें अंडाणु दान करने के लिए राजी करते थे। इसके बाद उन्हें विभिन्न आईवीएफ (IVF) केंद्रों पर ले जाया जाता था, जहां सर्जरी के जरिए उनके अंडाणु निकाले जाते थे। गिरोह इन अंडाणुओं को बाजार में लाखों रुपये में बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहा था।
जांच में सामने आया है कि इन महिलाओं को बार-बार अंडाणु दान करने के लिए मजबूर किया जाता था। चिकित्सा विज्ञान के अनुसार, बार-बार ऐसी प्रक्रिया से गुजरना महिला के शरीर के लिए बेहद घातक हो सकता है, लेकिन यह गिरोह केवल पैसों के लिए महिलाओं का शारीरिक शोषण कर रहा था। पुलिस ने अब तक इस मामले में तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
यह पढ़ें:- मुंबई में 20 जगहों के बदलेंगे नाम! BMC की पहली सभा में पेश किए जाएंगे 27 प्रस्ताव, देखें पूरी लिस्ट
एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने कहा कि हमने स्वास्थ्य सेवा निदेशक को पुलिस के साथ समन्वय कर तथ्य-आधारित जांच का जिम्मा सौंपा है। अगले 2-3 दिनों में प्रारंभिक रिपोर्ट आ जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें शामिल किसी भी अधिकारी या एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें तुरंत ‘काली सूची’ (Blacklist) में डाल दिया जाएगा।
इसी दौरान आबिटकर ने यह भी जानकारी दी कि ठाणे सिविल अस्पताल का पुनर्निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। जल्द ही यह राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत सबसे बड़ी और आधुनिक सुविधाओं वाली स्वास्थ्य इकाई के रूप में जनता की सेवा के लिए उपलब्ध होगा।