

कोपर स्टेशन पर यात्री सुरक्षा और नशामुक्ति अभियान।
यमराज के जरिए रेल हादसों के खतरे का संदेश दिया।
करीब 3,000 यात्रियों को सुरक्षित सफर के प्रति जागरूक किया।
Kopar Railway Station Passenger Safety Awareness Campaign: मध्य रेलवे के कोपर स्टेशन पर यात्री सुरक्षा और नशामुक्त भारत के संदेश को लेकर विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान यमराज की प्रतीकात्मक वेशभूषा के जरिए यात्रियों को लापरवाही से होने वाली रेल दुर्घटनाओं के प्रति सचेत किया गया। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित यात्रा के नियमों का पालन करने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना था।
अभियान के दौरान यात्रियों को बताया गया कि रेलवे ट्रैक पार करना, चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना तथा फुटबोर्ड पर खड़े होकर या ट्रेन से लटककर सफर करना जानलेवा साबित हो सकता है।
यमराज के प्रतीकात्मक रूप के जरिए यह संदेश दिया गया कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। यात्रियों से सुरक्षित यात्रा करने और जोखिम भरे व्यवहार से बचने की अपील की गई।
यह अभियान ठाणे जिले के डोंबिवली लौह मार्ग पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बाबासाहेब थोरात और स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) संजय बी. गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें रेलवे पुलिस के लगभग 40 से 50 जवानों, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के 3 से 4 जवानों तथा कोपर स्टेशन के वाणिज्य और टिकट जांच कर्मचारियों ने भाग लिया।
मुख्य टिकट निरीक्षक मंगेश कारलेकर सहित कर्मचारियों ने हाथों में सुरक्षा संबंधी पोस्टर और बैनर लेकर यात्रियों को जागरूक किया।
स्टेशन प्रबंधक संजय गुप्ता ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य रेल यात्रियों को सुरक्षित सफर के नियमों से अवगत कराना है। इस दौरान ‘रेलवे ट्रैक पार न करें’, ‘चलती ट्रेन में न चढ़ें और न उतरें’ तथा ‘फुटबोर्ड पर खड़े होकर या लटककर यात्रा न करें’ जैसे संदेश दिए गए।
इसके साथ ही ‘नशामुक्त भारत’ और ‘नशामुक्त मुंबई’ के नारे लगाकर यात्रियों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान में शामिल कर्मचारियों ने यात्रियों से सीधे संवाद किया और उन्हें लापरवाही के गंभीर परिणामों के बारे में समझाया।
रेल प्रशासन के अनुसार, इस जन-जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 3,000 यात्रियों ने भाग लिया। अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता से यात्रियों तक सुरक्षित रेल यात्रा का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया।