फ्रेंडली फाइट से माहौल टाइट! कल्याण-डोंबिवली में हिंसा के बाद बवाल, BJP का शिंदे सेना के खिलाफ मूक मोर्चा

Thane News: कल्याण-डोंबिवली मनपा चुनाव में वार्ड 29 की फ्रेंडली फाइट हिंसक हो गई। भाजपा उम्मीदवार के पति पर जानलेवा हमला, पैसे बांटने के आरोप और मूक मोर्चे से चुनावी माहौल तनावपूर्ण हो गया।
Kalyan Dombivli Municipal Corporation Election Shiv Sena BJP Clash
Published on
Updated on

Kalyan Dombivli Municipal Corporation Election: ठाणे जिले की कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका का चुनाव शिवसेना-भाजपा मिल कर लड़ रही है। लेकिन डोंबिवली पूर्व के वार्ड नंबर 29 में आपसी तालमेल नहीं बैठने की वजह से दोनों पार्टियों के अधिकृत उम्मीदवार मैदान में हैं। युति की तरफ से वार्ड क्रमांक 29 में फ्रेंडली फाइट का नाम दिया गया है। लेकिन दोनों पार्टियों की तरफ के कार्यकर्ता आक्रामक रूखा अख्तियार किए हैं, जिसकी वजह से माहौल टाइट हो गया है।

भाजपा उम्मीदवार पर पहले मतदाताओं को पैसे बांटने का आरोप लगाया गया था। यह मामला गरम ही था कि इस बीच उम्मीदवार के पति पर जानलेवा हमला हो गया। जिससे क्षेत्र में तनाव का वातावरण है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष नंदू परब के नेतृत्व में मूक मोर्चा निकाला गया।

भाजपा और शिंदे में झड़प

डोंबिवली के तुकारामनगर, सुनीलनगर इलाकों में दोनों दलों के बीच शुरू झगड़े का असर कल्याण-डोंबिवली मनपा चुनाव पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। कल्याण डोंबिवली मनपा के 29-ब से भाजपा की आर्या नाटेकर के खिलाफ शिवसेना शिंदे गुट की रंजना पाटिल मैदान में हैं। पिछले दिनों इस वार्ड में शिवसेना शिंदे गुट के उम्मीदवार नितिन पाटिल और रवि पाटिल ने आरोप लगाया था कि भाजपा उम्मीदवार के प्रचारकों ने वार्ड में प्रचार के पर्चे के साथ पैसे भी बांट रहे हैं।

इस मामले में पुलिस ने नोटों के पैकेट्स व कुछ अन्य चुनावी सामग्री को जब्त किया था। यह घटना अभी ताजा ही थी तभी सोमवार रात करीब 11.45 बजे सुनीलनगर भगतवाड़ी इलाके में कथित रूप से शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार नितिन पाटिल, रवि पाटिल और आठ अन्य लोगों ने भाजपा की महिला उम्मीदवार आर्या नाटेकर के पति ओमनाथ नाटेकर (47) पर हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ओमनाथ नाटेकर को एमआईडीसी स्थित एआईआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि शिवसेना उम्मीदवार ने हमले से इनकार किया है।

घायल ओमनाथ नाटेकर ने पुलिस को दिये बयान में कहा है कि सोमवार रात करीब 10.45 बजे, मैं, मेरी पत्नी आर्या, हेमंत म्हात्रे, चिन्मय वारंगे, प्रदीप सागवेकर, सचिन कोर्लेकर, अनूप शेलार सुनीलनगर भगतवाड़ी इलाके में प्रचार के लिए घूम रहे थे। प्रचार के बाद, मैं और हमारे कार्यकर्ता घर के लिए निकल रहे थे।

मेरे वार्ड में क्यों कर रहे प्रचार?

रात करीब 11.45 बजे, नितिन पाटिल, अनंत ठाकुर, रवि पुनासकर, प्रसाद घाग, उनके बेटे और 50 से 60 कार्यकर्ता हमारे सामने आए, नितिन पाटिल ने मुझसे पूछा, तुम यहां क्यों आए हो ? मैं देखता हूं कि तुम्हारी पत्नी कैसे चुनी जाती है। तुम मेरे वार्ड में प्रचार क्यों कर रहे हो? आज मैं तुम्हें हमेशा के लिए खत्म कर दूंगा। नितिन पाटिल ने धारदार हथियार निकाला और गाली-गलौज करते हुए मेरे सिर पर मार दिया। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मूक मोर्चा निकाला गया।

शिवसेना-भाजपा के बीच सीधी लड़ाई

29-अ से भाजपा की कविता म्हात्रे के खिलाफ शिंदे सेना की रुपाली म्हात्रे 29-ब से भाजपा की आर्या नाटेकर के खिलाफ शिंदे सेना की रंजना पाटील 29-क से भाजपा के मंदार टावरे के खिलाफ शिंदे सेना के नितीन पाटील 29-3 से भाजपा की अलका म्हात्रे के खिलाफ शिंदे सेना के रवी पाटील

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com