Thane News: कोरोना से ठाणे में दूसरी मौत, KDMC के अधिकारी बोले- घबराने की जरूरत नहीं
ठाणे जिले के एक निजी अस्पताल में कोविड-19 का उपचार करा रही एक महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका (केडीएमसी) ने संक्रमण से पहली मौत की पुष्टि की है।
- Written By: आकाश मसने
कॉन्सेप्ट फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
ठाणे: महाराष्ट्र में कोरोना अपने पैर तेजी से पसार रहा है। केरल के बाद महाराष्ट्र में कोरोना के सबसे ज्यादा मामला है। इस बीच ठाणे जिले के एक निजी अस्पताल में कोविड-19 का उपचार करा रही एक महिला की मौत हो गई। इसके साथ ही कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका (केडीएमसी) ने संक्रमण से पहली मौत की पुष्टि की है। वहीं ठाणे जिले में यह दूसरी मौत है।
केडीएमसी के स्वास्थ्य विभाग की प्रभारी अधिकारी डॉक्टर दीपा शुक्ला ने सोमवार को मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि मुंबई से सटे राज्य के कुछ हिस्सों में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद महानगर पालिका क्षेत्र में चार लोगों को कोविड-19 होने की पुष्टि हुई है।
डॉक्टर दीपा शुक्ला ने बताया कि इनमें से एक महिला की मौत हो गई और हल्के लक्षणों वाले एक अन्य मरीज को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। उन्होंने कहा कि तीसरे मरीज का निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है और चौथे को आगे की देखभाल के लिए कलवा के छत्रपति शिवाजी अस्पताल में भेज दिया गया है।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई-पुणे मार्ग पर एसटी बस सेवा पूरी क्षमता से बहाल, महाबलेश्वर सेवा 31 जुलाई तक बंद, जलभराव में फंसी बस
Bhanadara News: खेतों की गीली मिट्टी से सड़कें फिसलन भरी, ट्रैक्टर चालकों पर कार्रवाई की मांग
पुणे में मूसलाधार आफत के बीच खड़कवासला डैम में बंपर पानी: 24 घंटे में बढ़ा 78 दिनों का कोटा, पर कटौती अभी जारी
भंडारा में बारिश के साथ बढ़ा मौसमी बीमारियों का खतरा, डॉक्टरों ने उबला पानी पीने की दी सलाह
लोगों को घबराने की जरूरत नहीं: डॉ. शुक्ला
स्वास्थ्य विभाग की प्रभारी अधिकारी शुक्ला ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने अन्य बीमारियों से जूझ रहे लोगों और वरिष्ठ नागरिकों को भीड़-भाड़ वाली एवं बंद जगहों से बचने और सार्वजनिक स्थानों पर मास्क के उपयोग को प्राथमिकता देने की सलाह दी है।
विभाग ने कहा कि केडीएमसी ने कल्याण के बाई रुक्मिणीबाई अस्पताल और डोंबिवली के शास्त्री नगर अस्पताल में वेंटिलेटर सुविधाओं के साथ आइसोलेशन रूम तैयार किए हैं। इसने कहा कि दोनों जगह कोरोना वायरस की जांच की सुविधा है।
भंवर में फंसे मंत्री संजय शिरसाट, बेटे सिद्धांत पर लगा दहेज उत्पीड़न का आरोप
ठाणे में 36 मामले सामने आए
इस बीच, ठाणे महानगर पालिका के जनसंपर्क अधिकारी ने जानकारी दी कि शहर में अब तक कोविड-19 के 36 मामले सामने आए हैं जिनमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि 9 मरीज स्थिर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं और 20 अन्य घर पर आइसोलेशन में हैं।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
