इंडोनेशिया में भारत का पक्ष रखेंगे शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे, 64 देशों के लिए ‘मैत्री समूह’ गठित
Parliamentary Friendship Groups: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने संसदीय संबंधों को मजबूत करने के लिए 64 'मैत्री समूह' गठित किए। सांसद श्रीकांत शिंदे इंडोनेशिया जाने वाले प्रतिनिधिमंडल की कमान संभालेंगे।
- Written By: सूर्यप्रकाश मिश्र | Edited By: आकाश मसने
शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Shrikant Shinde Lead Parliamentary Friendship Group: दुनिया के विभिन्न देशों के साथ भारत के संसदीय संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से कूटनीतिक पहल करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने संसदीय समूहों का गठन किया है। वैश्विक स्तर पर बनाए गए इन ‘मैत्री समूहों’ में से एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व शिवसेना के सांसद श्रीकांत शिंदे करेंगे। वे मैत्री समुह का नेतृत्व करने वाले सबसे युवा सांसद होंगे।
इस देश की जिम्मेदारी श्रीकांत शिंदे को
64 देशों के लिए बनाए गए ‘मैत्री समूहों’ का नेतृत्व पक्ष विपक्ष सहित कई दलों के सांसद कर रहे हैं। इनमें इंडोनेशिया जाने वाले प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व शिवसेना सांसद डॉ. श्रीकांत शिंदे करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में लोकसभा और राज्यसभा से 10 चुने हुए सदस्य होंगे, जो वैश्विक मंच पर भारत की संसदीय परंपरा एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की बात करेंगे।
क्या है इन मैत्री समूहों का उद्देश्य?
इस पहल का उद्देश्य भारतीय संसद और अन्य महाद्वीपों के सदनों के साथ संवाद कर विचारों का आदान दान करना है। इन प्रतिनिधिमंडलों की खासियत यह है कि इनमें एक का नेतृत्व सबसे उम्रदराज 80 वर्षीय नेता पी चिंदबरम कर रहे हैं तो दूसरे ‘मैत्री समूह’ का नेतृत्व 39 वर्षीय युवा सांसद डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे करने वाले हैं। इन समूहों को संस्थागत रूप देने का आश्वासन स्वयं पीएम मोदी ने दिया है।
सम्बंधित ख़बरें
आदित्य ठाकरे का महाराष्ट्र सरकार पर बड़ा हमला, डॉक्टर पिटाई से लेकर UCC तक लगाए गंभीर आरोप-VIDEO
ठाणे: डॉक्टरों से मारपीट मामले में शिवसेना पार्षद रमेश म्हात्रे गिरफ्तार, पार्टी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
रमेश म्हात्रे से शिंदे गुट ने किया किनारा, गिरफ्तार होते ही बिगड़ी तबियत, भारी पड़ा महिला डाक्टर पर हाथ उठाना
महाराष्ट्र की सियासत में फिर आएगा भूचाल! कैबिनेट बैठक छोड़ शरद पवार से बंद कमरे में मिले एकनाथ शिंदे
जिन देशों के साथ ये मैत्री समूह बनाए गए हैं, उन प्रमुख देशों में इंडोनेशिया, श्रीलंका, जर्मनी, न्यूजीलैंड, स्विट्जरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, भूटान, इस्राइल, मालदीव, संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस, यूनाइटेड किंगडम, फ्रांस, जापान, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर, ब्राजील, वियतनाम, मैक्सिको, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश शामिल हैं। यह पहल भारत की पार्लियामेंट्री डिप्लोमेसी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
इसके पहले भी श्रीकांत शिंदे ने किया नेतृत्व
ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकवाद के खिलाफ भारत का पक्ष पूरी दुनिया में रखने के लिए पीएम मोदी ने पिछले वर्ष विभिन्न देशों में शिष्टमंडल भेजा था। उनमें यूएई, लाइबेरिया, कांगो गणराज्य एवं सिएरा लियोन की यात्रा पर गए चार देशों में संसदीय शिष्टमंडल का नेतृत्व श्रीकांत शिंदे ने सफलतापूर्वक किया था। मुस्लिम बहुल खाड़ी व अफ्रीकी देशों में पाकिस्तानी आंतक के खिलाफ भारत का मजबूत पक्ष रख कर वापस आने के बाद स्वयं पीएम ने सांसद श्रीकांत शिंदे की सराहना की थी।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में बदला मौसम का मिजाज, नागपुर-यवतमाल-वर्धा समेत विदर्भ के कई जिलों में हुई झमाझम बारिश
कल्याण लोकसभा से लगातार तीसरी बार सांसद एवं लोकसभा में शिवसेना संसदीय दल के नेता श्रीकांत शिंदे को एक बार फिर वैश्विक स्तर पर संसदीय शिष्टमंडल के नेतृत्व का मौका मिला है। इसके लिए उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी एवं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को धन्यवाद दिया है।
