ठाणे के मुंबई-वडोदरा NH पर जन्मदिन की खुशी मातम में बदली; BMW हादसे में फुटबॉलर योगेश नेगी ने गवाईं जान

Footballer Yogesh Negi Dies In Thane: ठाणे में जन्मदिन मना रहे तीन दोस्तों की BMW 251 Km/Hr की कथित रफ्तार से हादसे का शिकार हुई। फुटबॉलर योगेश नेगी समेत दो की मौत, एक गंभीर घायल।
Footballer Yogesh Negi Dies In Thane BMW Crash Accident After Birthday Party
फुटबॉलर योगेश नेगी (सोर्सः फाइल फोटो)
Published on
Updated on

Footballer Yogesh Negi Dies In Thane BMW Crash: रविवार तड़के मुंबई-वडोदरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर एरंजाड इलाके में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में मशहूर फुटबॉलर योगेश नेगी (26) और उनकी मित्र रेबेका जैकब (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी और कार मालिक अंगद गिल (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अंगद का कल्याण के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

हादसा उस समय हुआ जब तीनों दोस्त एक लग्जरी BMW कार में सवार होकर बदलापुर की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार अत्यधिक तेज रफ्तार में थी और अचानक नियंत्रण खो बैठी। इसके बाद वाहन डिवाइडर से टकराकर कई बार पलट गया, जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

सड़क पर बिखर गए कार के पुर्जे

पुलिस के अनुसार योगेश नेगी का जन्मदिन मनाने के लिए तीनों मित्र एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। देर रात समारोह समाप्त होने के बाद वे बदलापुर लौट रहे थे। तड़के एरंजाड क्षेत्र के पास पहुंचते ही कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि BMW कार के परखच्चे उड़ गए। वाहन का इंजन, पहिए और अन्य हिस्से सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए।

दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कार पूरी तरह कबाड़ में तब्दील हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन योगेश और रेबेका को बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कार की रफ्तार 251 किलोमीटर प्रति घंटा होने का दावा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो दुर्घटना से कुछ समय पहले का है। हालांकि पुलिस ने अभी इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां वाहन की वास्तविक गति, सड़क की स्थिति, तकनीकी खामियों और वायरल वीडियो की प्रामाणिकता सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।

प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को दुर्घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। जन्मदिन का जश्न मनाने निकले तीन दोस्तों के लिए यह सफर त्रासदी में बदल गया। इस हादसे से बदलापुर, ठाणे और खेल जगत में शोक की लहर फैल गई है तथा लोगों ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com