Maharashtra Maritime Board Dombivli Ro-Ro Service: मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने एवं पर्यावरण पूरक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर जल परिवहन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके तहत डोंबिवली के मोठागांव से रो-रो सेवा इस साल दिसंबर माह से शुरू हो सकती है।
डोंबिवली से जल परिवहन सेवा शुरू करने को लेकर पिछले 6 साल से लगातार कोशिश की जा रही है। मोठागांव जेट्टी से रो-रो फेरी, वॉटर टैक्सी एवं वॉटर मेट्रो सेवा शुरू होने वाली है। उल्हास नदी के जरिये इस जल परिवहन को शुरू करने के लिए सरकारी स्तर पर महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड से लगातार पहल की जा रही थी। यह सेवा अब जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है। मोठागांव रो-रो जेट्टी तक पहुंचने के लिए एक कच्ची सड़क थी।
इस सड़क को कांक्रीटीकरण के बाद यात्रियों के लिए खोल दिया गया है, जिसका उद्घाटन पिछले दिनों भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र बव्हाण ने किया। सड़क का उद्घाटन करने के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा कि
कल्याण डोंबिवली शहर के इलाके में एमएमआरडीए, एमएसआरडीसी और दूसरे विभाग की तरफ से अलग-अलग सड़क और पुल निर्माण का काम चल रहा है, इन परियोजनाओं के पीछे सरकार का मुख्य मकसद लोगों को बेहतर मार्ग उपलब्ध करा कर तेज गति से यात्रा करने में मदद करना और ईंधन बचाना है। साथ ही यात्रियों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाना है।
अब डोंबिवली में इन सड़कों और पुलों के अलावा, डोंबिवली पश्चिम में मोठागांव इलाके से जल परिवहन शुरू की जाएगी। इससे सीधे ठाणे, भाईंदर, वसई विरार, नवी मुंबई तक पहुंचा जा सकेगा। महाराष्ट्र मैरीटाइम बोर्ड के जरिए मोठागांव गणेशघाट पर एक रो-रो सेवा, वॉटर मेट्रो प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। यहां से यह सेवा ठाणे, मीरा भाईंदर और वसई विरार के साथ-साथ मोठागांव, ठाणे, नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक मिलेगी। इससे शीलफाटा, काटई बदलापुर रोड, डोंबिवली से ठाणे रूट पर गाड़ियों का लोड कम करने में मदद मिलेगी। और यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
कल्याण-डोंबिवली मनपा नगरसेवक दीपेश म्हात्रे ने बाताया की डोंबिवली के मोठागांव में रो-रो वॉटर ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद, मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन में वॉटर ट्रांसपोर्ट को अधिक बढ़ावा मिलेगा। सुरक्षित, तेज और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन का यह बेहतर विकल्प जल्द ही नागरिकों की सेवा में उपलब्ध होगा।