भायंदर में ‘ग्रामीण महिला नेतृत्व परिषद 2026’ का आयोजन, नारी शक्ति के बल पर विकसित भारत का संकल्प: फडणवीस

Devendra Fadnavis: भायंदर में आयोजित ‘ग्रामीण महिला नेतृत्व परिषद 2026’ में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नारी शक्ति को विकसित भारत की आधारशिला बताया।
महिला सांसद 2029 ,Nari Shakti, Devendra Fadnavis
Women Empowerment (सोर्सः सोशल मीडिया)
Updated on

Rural Women Leadership Council 2026: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को ठाणे के भायंदर में आयोजित ‘विकसित भारत नारी शक्ति संगम: ग्रामीण महिला नेतृत्व परिषद 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने राजमाता जिजाऊ मां साहेब, पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर और क्रांतिज्योति सावित्रीबाई फुले को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने भारत की पहली महिला विधानमंडल सदस्य डॉ. मुथुलक्ष्मी रेड्डी की सदस्यता के 100 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक क्षण को भी याद किया। डॉ. रेड्डी ने बाल विवाह प्रतिबंध, देवदासी प्रथा उन्मूलन और महिला-बाल तस्करी विरोधी कानूनों के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।

महिला सशक्तिकरण से देश की आर्थिक प्रगति

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि विकसित देशों की अर्थव्यवस्था का दूसरा पहिया महिलाएं ही होती हैं। जब महिलाओं को शिक्षा, अवसर और आर्थिक भागीदारी मिलती है, तभी राष्ट्र तेजी से आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से नारी शक्ति केंद्रित नीतियों पर जोर दिया गया है, जिसके परिणामस्वरूप भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान से बढ़कर चौथे स्थान पर पहुंच गई है और जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।

‘लखपति दीदी’ योजना बनी बड़ी सफलता

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ से लेकर ‘लखपति दीदी’ तक महिला सशक्तिकरण की यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि मात्र डेढ़ वर्ष में 37 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और इस वर्ष 50 लाख महिलाओं को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

2029 में 33% महिला सांसद बनने का विश्वास

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 2029 के लोकसभा चुनावों में पहली बार 33 प्रतिशत महिला सांसद चुनी जाएंगी। उन्होंने कहा कि ‘सरपंच पति’ की अवधारणा अब इतिहास बनती जा रही है और महिलाएं हर क्षेत्र में सशक्त नेतृत्व कर रही हैं। इस कार्यक्रम में मंत्री जयकुमार गोरे, विनय सहस्रबुद्धे और पोपटराव पवार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com