भिवंडी बिल्डिंग हादसे पर CM फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने जताया शोक, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के आदेश

Bhiwandi Building Collapse: महाराष्ट्र के भिवंडी में खतरनाक घोषित चार मंजिला कोहिनूर इमारत का हिस्सा गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। मलबे में राहत-बचाव कार्य जारी है और घायलों का इलाज चल रहा है।
CM devendra Fadnavis and DCM Eknath Shinde expressed grief over Bhiwandi building Incident
भिवंडी बिल्डिंग हादसा, इनसेट- CM फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

CM Devendra Fadnavis On Bhiwandi Building Collapse: महाराष्ट्र के ठाणे जिले स्थित भिवंडी में चार मंजिला इमारत गिरने से अब तक 9 लोगों की मौत हो गई है। एनडीआरएफ की टीम ने मलबे से शव निकाला है। राहत और बचाव का काम अभी जारी है। इस हादसे को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुख जताया है। साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

CM फडणवीस ने भिवंडी हादसे पर जताया शोक

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "भिवंडी में बिल्डिंग गिरने से कुछ लोगों की मौत बेहद दुखद है। मैं शोक संतप्त परिवारों के साथ हूं। इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश नगर आयुक्त को दिया गया है। घायलों का इलाज चल रहा है। मैं उनके जल्दी ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।"

एकनाथ शिंदे ने भिवंडी मनपा आयुक्त से की बात

वहीं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी दुख जताते हुए कहा, "कोहिनूर बिल्डिंग गिरने से 9 लोगों की जान गई। मैं मृतकों को श्रद्धांजलि देता हूं।" एकनाथ शिंदे ने बताया कि उन्होंने खुद भिवंडी मनपा आयुक्त अनमोल सागर और ठाणे कलेक्टर श्रीकृष्ण पंचाल से बात की है और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने को कहा है। घायलों का इलाज भिवंडी के एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। जरूरत पड़ने पर उन्हें निजी अस्पताल में भी भर्ती किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री शिंदे ने एक्स पोस्ट में कहा कि इमारत में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट कर दिया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को सरकारी नियमों के हिसाब से आर्थिक मदद दी जाएगी। फिलहाल, प्रशासन का पूरा फोकस मलबे में फंसे लोगों को जल्द से जल्द निकालने पर है।

कब हुआ भिवंडी बिल्डिंग हादसा

बता दें कि यह घटना गुरुवार देर रात महाराष्ट्र के भिवंडी जिले के बालाजी नगर क्षेत्र में स्थित चार मंजिला कोहिनूर इमारत के एक हिस्से के ढह जाने से घटी। बताया जा रहा है कि वहां मरम्मत का काम चल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा रात करीब 11:30 बजे हुआ। इमारत में कुल 48 कमरे थे, जिनमें से प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे थे। स्थानीय नगर निगम ने पहले ही इस इमारत को खतरनाक घोषित कर दिया था।

Navbharat Live
navbharatlive.com