मुंबई-नासिक हाईवे पर दर्दनाक हादसा: भिवंडी में खड़े ट्रक से टकराई क्रूजर, 8 घायल, 4 की हालत गंभीर

Bhiwandi Accident: भिवंडी में मुंबई-नासिक हाईवे पर उमरा जाने वाले रिश्तेदारों को मुंबई एयरपोर्ट छोड़ लौट रहे परिवार की क्रूजर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं।
Bhiwandi Mumbai-Nashik Highway Accident Cruiser-truck collision
मुंबई-नासिक हाईवे पर भिवंडी में खड़े ट्रक से टकराई क्रूजर गाड़ी (सोर्स: IANS)
Updated on

Mumbai-Nashik Highway Accident: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी क्षेत्र में मुंबई-नासिक हाईवे पर गुरुवार तड़के भीषण सड़क हादसा हुआ। रिश्तेदारों को पवित्र यात्रा उमरा के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर छोड़ने के बाद वापस लौट रहे एक ही परिवार के लोगों की क्रूजर गाड़ी हाईवे पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस भीषण टक्कर में वाहन सवार लगभग 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से 4 लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

एयरपोर्ट से चालीसगांव लौट रहा था परिवार

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पीड़ित परिवार भिवंडी के चालीसगांव इलाके का निवासी है। परिवार के सदस्य अपने रिश्तेदारों को सऊदी अरब में उमरा की धार्मिक यात्रा पर भेजने के लिए मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे गए थे। रिश्तेदारों को सुरक्षित विदा करने के बाद जब पूरा परिवार क्रूजर गाड़ी में सवार होकर वापस अपने घर चालीसगांव लौट रहा था, तभी भिवंडी बायपास से थोड़ा आगे मुंबई-नासिक हाईवे पर उनकी क्रूजर गाड़ी एक खड़े ट्रक से जा टकराई।

सड़क किनारे खड़े ट्रक को क्रूजर ने मारी टक्कर

जानकारी के मुताबिक मुंबई-नासिक हाईवे पर भिवंडी बायपास से थोड़ा आगे एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान, क्रूजर गाड़ी चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और उनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि क्रूजर गाड़ी के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की भीड़ भी इकट्ठा हो गई और जल्द घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। बताया गया कि क्रूजर गाड़ी में लगभग 10 लोग सवार थे, जिनमें से 8 लोगों को चोटें आई हैं। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को भिवंडी के इंदिरा गांधी अस्पताल भिजवाया। चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया।

क्रूजर के ड्राइवर ने बताया कैसे हुआ हादसा

क्रूजर गाड़ी के ड्राइवर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि वह मुंबई एयरपोर्ट से चालीस गांव वापस लौट रहा था। भिवंडी के पास हल्की बूंदाबांदी हो रही थी और मैं जब गाड़ी को ओवरटेक कर रहा था, तभी वह सामने खड़े ट्रक में भिड़ गई। एक घायल महिला ने बताया कि हम लोग अपने भाई को छोड़ने के लिए मुंबई एयरपोर्ट गए थे। इसके बाद वहां से लौट रहे थे। रास्ते में गाड़ी की टक्कर हो गई।

Navbharat Live
navbharatlive.com