महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का कहर, मुंबई-नासिक हाईवे पर ढही रिटेनिंग वॉल, कसारा घाट में लगा जाम

Kasara Ghat Retaining Wall Collapse: महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर जारी है। लोनावाला-कर्जत सेक्शन में भुस्खलन के बाद मुंबई-नासिक हाईवे पर कसारा घाट में रिटेनिंग वॉल ढह गई। इससे यातायात ठप हो गया।
Mumbai-Nashik Highway kasara ghat Retaining Wall Collapse
मुंबई-नासिक हाईवे पर कसारा घाट में ढही रिटेनिंग वॉल (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai-Nashik Highway Retaining Wall Collapse: महाराष्ट्र में मानसून की भारी बारिश आफत बनकर बरस रही है। लगातार हो रहे मूसलाधार बारिश के कारण राज्य के बुनियादी ढांचे और यातायात व्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा है। शनिवार को मुंबई-नासिक हाईवे के पुराने कसारा घाट खंड में इगतपुरी के जवाहर फाटा के पास एक विशाल रिटेनिंग वॉल अचानक ढह गई। इस हादसे के बाद इलाके में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई है और हाईवे पर लंबा जाम लग गया है।

इगतपुरी के जवाहर फाटा के पास रिटेनिंग वॉल ढही

घटनास्थल से सामने आए वीडियो में इगतपुरी के जवाहर फाटा के पास सड़क के एक तरफ गिरी हुई रिटेनिंग वॉल का मलबा बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। सड़क के नीचे की मिट्टी धंस गई, जिससे सड़क को सहारा देने वाले ढांचे और रिटेनिंग वॉल की नींव बह गई। नतीजतन, दीवार गिर गई और रास्ते में दरारें पड़ गईं।

माना जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने घाट वाले हिस्से को कमजोर कर दिया है, जिससे सड़क से जुड़े खतरों की आशंका बढ़ गई है। मुंबई-नासिक हाईवे पर दीवार गिरने के बाद, अधिकारियों ने प्रभावित हिस्से की घेराबंदी कर दी और वाहन चालकों से उस इलाके से गुजरते समय सावधानी बरतने की अपील की।

लोनावाला-कर्जत सेक्शन में लैंडस्लाइड से रेल सेवाएं ठप

बता दें कि 6 जुलाई को भारी बारिश के कारण लोनावाला-कर्जत सेक्शन में कई जगहों पर भारी भूस्खलन हुआ, जिससे रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। सेंट्रल रेलवे ने कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया है। रेलवे प्रशासन ने कहा कि तीनों रेलवे लाइनों पर मरम्मत का काम चल रहा है। हालांकि, बड़े पैमाने पर हुए नुकसान और खराब मौसम के कारण मरम्मत में समय लगने की उम्मीद है।

कई ट्रेन सेवाओं को रद्द करने का फैसला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना उसी के अनुसार बनाएं। मरम्मत के काम की प्रगति के आधार पर, उम्मीद है कि ये रद्द करने का आदेश 17 जुलाई तक लागू रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों के लिए जारी किए जरूरी निर्देश

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मरम्मत कार्य की निगरानी कर रहे हैं और जल्द से जल्द ट्रेन सेवाएं बहाल करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ताजा जानकारी के लिए नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) ऐप देखें या रेलवे हेल्पलाइन से संपर्क करें। सेंट्रल रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि प्राकृतिक आपदा के कारण हुई इस परेशानी के दौरान वे प्रशासन का सहयोग करें।